पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Accident

नशे में धुत बैंक मैनेजर ने गश्त कर रहे सिपाहियों को मारी टक्कर गिरफ्तार

✍️ Admin 📅 15 May, 2026 ⏰ 07:39 PM 👁 84 views



कर्नलगंजगोंडा। कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार देर रात तेज रफ्तार कार ने गश्त पर निकले दो पुलिसकर्मियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। पुलिस ने मौके से कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल परीक्षण में आरोपी के शराब के नशे में होने की पुष्टि बताई जा रही है।

सूचना के मुताबिक  कर्नलगंज कोतवाली में तैनात सिपाही हिमांशु प्रजापति और अनिल कुमार गुप्ता गुरुवार रात करीब 1 बजे बाइक से चौरी चौराहे की तरफ गश्त पर जा रहे थे। इसी दौरान गोनवा गांव के नजदीक पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सिपाही सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर कर्नलगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल सिपाहियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्नलगंज पहुंचाया गया।  

अधीक्षक डॉ. अनुज कुमार व फार्मासिस्ट अशोक वर्मा ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर दोनों को पहले गोण्डा मेडिकल कॉलेज और बाद में बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मौके से ही कार चालक को हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान सीसामऊ स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा के बैंक मैनेजर राजेश कुमार सिंह के रूप में हुई है।

 पुलिस के मुताबिक आरोपी शराब के नशे में था, जिसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। कर्नलगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना के बाद पुलिस विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है।

📤 शेयर करें: