परीक्षा देने जा रही छात्रा की तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से दर्दनाक मौत
गोंडा। जिले के थाना खोड़ारे क्षेत्र गिन्नी नगर बाजार में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। ईंट लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार 18 वर्षीय बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना के मुताबिक ग्राम पंचायत नरहरपुर के ग्राम मौज सुमहिया निवासी 18 वर्षीय नंदनी अपनी सहेली रोशनी व मामा सनी के साथ बाइक पर सवार होकर अल्लीपुर से गर्ग इंटर कॉलेज हथियागढ़ परीक्षा देने जा रही थीं। अभी उसकी बाइक गिन्नी नगर चौराहे पर पहुंची ही थी की गौरा चौकी की ओर से आ रही ईंट भट्ठे की ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान नंदनी ट्रैक्टर के नीचे दब गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग दौड़ पड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
हादसे में घायल रोशनी और सनी को एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। ज़हां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने दोनों की हालत गंभीर बताते हुए मेडिकल कॉलेज गोंडा के लिए रेफर कर दिया। जहां दोनों का इलाज चल रहा है।
सूचना मिलते ही थाना खोड़ारे की पुलिस मौके पर पहुंची। और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर शव को पोस्ट मॉर्टम के लिए भेज दिया। ज़ब की चालक मौके से भागने में सफल रहा जिसकी तलाश की जा रही है।