लखनऊ हाइवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 3 वर्षीय मासूम की मौत कोहराम
बालपुर गोंडा। जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र में गोंडा–लखनऊ हाइवे पर हुए सड़क हादसे में 3 वर्षीय मासूम सूर्यांश सिंह की मौत हो गई। हादसा माधवपुर राय के पास मंगलवार शाम को हुआ।
बताया जा रहा है कि लखनऊ से गोंडा की ओर जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने मासूम को जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत बालपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना के मुताबिक सूर्यांश अपने पिता संतराम सिंह के साथ फूफा शेर सिंह और बुआ चांदनी सिंह को सवारी गाड़ी में बैठाने के लिए माधवपुर राय आया था। रिश्तेदारों को दिल्ली जाना था, इसलिए परिवार उन्हें छोड़ने आया था। इसी दौरान सूर्यांश अचानक सड़क की ओर चला गया और तभी तेज रफ्तार पिकअप ने उसे टक्कर मार दिया।
देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि पिकअप की टक्कर से बच्चे की मौत हुई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।