पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Accidental Death

लखनऊ हाइवे पर मारुति कार के नीचे दबकर बालिका की मौत दो घायल शव रखकर प्रदर्शन हंगामा

✍️ Admin 📅 30 April, 2026 ⏰ 03:05 PM 👁 463 views

बालपुर गोंडा। बालपुर जाट में लखनऊ हाइवे पर अनियंत्रित मारुति इको कार के नीचे दबकर एक बालिका की दर्दनाक मौत हो गई। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने मृत बच्ची का शव रखकर लखनऊ हाइवे जाम कर दिया। इससे मौके पर भारी हंगामा हो गया और भगदड़ मची रही। इसके चलते लखनऊ हाइवे पर घंटों जाम लगा रहा और सैकड़ों वाहन फंसे रहे। 
लखनऊ हाइवे पर थाना कोतवाली देहात क्षेत्र की ग्रामपंचायत बालपुर जाट में लालापुरवा निवासी 8 वर्षीय बालिका शिवानी पुत्री सुनील सिंह की तेज रफ्तार मारुति इको कार के नीचे दबकर दर्दनाक मौत हो गई। उसके साथ के 6 वर्षीय नैंसी एवं 5 वर्षीय अनूपकुमार समेत दो बच्चे घायल हो गए। इसकी सूचना क्षेत्र में जंगल की आग की तरह तेजी से फैल गई। इससे देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। परिजनों समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने मृत बच्ची का शव रखकर लखनऊ हाइवे जाम कर दिया। इससे मौके पर भारी हंगामा हो गया और भगदड़ मची रही।

 मारुति इको कार चालक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी जद्दोजेहद के बाद कार चालक को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर देहात कोतवाली भेज दिया। आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों की मांग है कि कार चालक के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाय। परिजनों के मुताबिक गोंडा से लखनऊ की ओर जा रही मारुति कार ने सबसे पहले ईरिक्शा में जोरदार टक्कर मार दिया। इससे ई रिक्शा सवार तीन बच्चे सड़क पर गिर गए। दुर्घटना के बाद घबराहट में कार लेकर भागने की चक्कर में ड्राइवर ने कार बच्चों पर चढ़ा दिया। इससे शिवानी की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई और उसके साथ के दो अन्य बच्चे घायल हो गए। 
इससे लखनऊ हाइवे पर डेढ़ घंटे से ज्यादा समय तक जाम लगा रहा और इस जाम में सैकड़ों वाहन फंसे रहे। देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह एवं दरोगा दुर्ग विजय सिंह मौके पर भारी पुलिस बल समेत पहुंचकर आक्रोशित लोगों के कब्जे से कार ड्राइवर को छुड़वाया और जाम खुलवाया। शव को कब्जे में लेकर एम्बुलेंस से पोस्टमार्टम को भेज दिया। कार ड्राइवर को बचाने के लिए पुलिस की ग्रामीणों के साथ कई बार धक्का मुक्की भी हुई और पुलिस पसीने पसीने हो गई। इससे मौके पर अफरा तफरी का माहौल व्याप्त रहा।

📤 शेयर करें: