अयोध्या से लौटते समय दो दोस्तों की बाइक की ट्रक से भिड़ंत एक की मौत दूसरा गंभीर
गोण्डा। अयोध्या में रामलला के दर्शन कर घर लौट रहे दो दोस्तों की बाइक शनिवार सुबह वजीरगंज थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में 23 वर्षीय नवविवाहित युवक कृष्णलाल उर्फ दद्दन की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी 20 वर्षीय शिवम अवस्थी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
सूचना के मुताबिक चौदहा मेटुकहा गांव निवासी कृष्णलाल उर्फ दद्दन गुरुवार रात अपने पांच दोस्तों के साथ दो बाइकों से अयोध्या रामलला के दर्शन करने गया था। दर्शन के बाद सभी शनिवार सुबह करीब पांच बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान वजीरगंज क्षेत्र में एक ढाबे के सामने सड़क किनारे खड़े ट्रक से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ चल रहे दोस्तों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से दोनों को मेडिकल कॉलेज गोंडा पहुंचाया, लेकिन कृष्णलाल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
मृतक के भाई जवाहरलाल ने बताया कि कृष्णलाल पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था और चंडीगढ़ में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी महज 25 दिन पहले, 12 मई को बबीता के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद हुए इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी बबीता का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वजीरगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। नवविवाहित युवक की असमय मौत से परिजनों और ग्रामीणों में गहरा दुख व्याप्त है।