पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Accidental Death

सिलाई सीखकर लौट रही छात्रा को ट्रक के रौंदने से दर्दनाक मौत कोहराम

✍️ Admin 📅 02 July, 2026 ⏰ 06:42 PM 👁 32 views



गोण्डा। तरबगंज थाना क्षेत्र के रानीपुर पहाड़ी बंधा मार्ग पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय छात्रा की जान चली गई। किंधौरा गांव की सरिता साहू सिलाई कोचिंग से साइकिल से घर लौट रही थी, तभी दुर्जनपुर घाट के पास बालू खाली कर लौट रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद दिया।

मृतका सरिता साहू ने हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी। भविष्य में आत्मनिर्भर बनने के लिए वह रोज दुर्जनपुर बाजार स्थित सिलाई प्रशिक्षण केंद्र जाती थी। गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे कोचिंग से लौटते समय हादसे का शिकार हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर सरिता को सीएचसी तरबगंज पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन उसे बेहतर इलाज की आस में गोण्डा मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां भी डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी।
  
सूचना पर तरबगंज पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतका के पिता झुरहे साहू की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष श्रीधर पाठक ने बताया कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है और नियमानुसार कड़ी कार्रवाई होगी।
18 साल की बेटी की मौत से साहू परिवार में कोहराम मचा है। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर है। 
अब बड़ा सवाल यह उठता है कि बालू के ओवरलोड ट्रक दिनदहाड़े बस्ती से गुजरते हैं। इन पर रोक कब लगेगी? साइकिल से स्कूल-कोचिंग जाने वाली बेटियां कब तक असुरक्षित रहेंगी?

📤 शेयर करें: