मरम्मत के चलते 10 फरवरी से 10 अप्रैल तक बन्द रहेगा घाघराघाट पुल
गोंडा। घाघरा नदी पर बने संजय सेतु को लेकर एनएचएआई ने बड़ा फैसला लिया है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने पुल की जर्जर हालत और भारी वाहनों के दबाव को देखते हुए इसकी मरम्मत कराने का प्रस्ताव जारी किया है। एनएचएआई के आदेश के अनुसार 10 फरवरी 2026 से 10 अप्रैल 2026 तक संजय सेतु को दो महीने के लिए बंद रखा जाएगा।
इस दौरान पुल पर ट्रैफिक पूरी तरह से डायवर्ट रहेगा। बताया जा रहा है कि पुल के एक्सपेंशन जॉइंट्स बार-बार खुल रहे हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। इसी वजह से सुरक्षा के मद्देनज़र यह निर्णय लिया गया है। मरम्मत अवधि में बहराइच, गोंडा, बलरामपुर और श्रावस्ती से लखनऊ जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। इसके साथ ही एनएचएआई ने एक और बड़ा फैसला लेते हुए पुराने पुल के बगल में करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से नया पुल बनाने की योजना को भी मंजूरी दी है। प्रशासन ट्रैफिक डायवर्जन प्लान को अंतिम रूप देने में जुटा है, ताकि आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।