पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Celebrations

गोंडा में 24 से 26 जनवरी तक मनाया जायेगा उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस

✍️ Admin 📅 18 January, 2026 ⏰ 05:27 PM 👁 80 views



गोण्डा 18 जनवरी 2026   -    उत्तर प्रदेश राज्य की स्थापना की ऐतिहासिक स्मृति को चिरस्थाई बनाने तथा प्रदेश की सांस्कृतिक, सामाजिक एवं विकासात्मक उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद गोण्डा में 24 से 26 जनवरी, 2026 तक उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस का त्रिदिवसीय आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज मैदान में विभिन्न विभागों के सहयोग से व्यापक जनसहभागिता के साथ सम्पन्न होगा।

मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन के शासनादेश के क्रम में जिला प्रशासन द्वारा आयोजन की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा विभिन्न कार्यक्रमों के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती कर दायित्व निर्धारित किए गए हैं। 

स्थापना दिवस के अवसर पर कृषि, उद्यान, पशुपालन, स्वास्थ्य, शिक्षा, मिशन शक्ति, खादी, माटीकला, ग्रामोद्योग, ओडीओपी, पंचायती राज सहित विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए जाएंगे। ‘एक जनपद एक व्यंजन’ योजना के अंतर्गत स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इन प्रदर्शनों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी जाएगी।

24 जनवरी को कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वागत गीत के साथ होगा। इसी दिन राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया जाएगा। छात्र-छात्राओं द्वारा नाट्य प्रस्तुतियां, स्थानीय कलाकारों द्वारा लोक गायन-वादन तथा कठपुतली शो का आयोजन किया जाएगा। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र एवं टूल किट का वितरण किया जाएगा।

25 जनवरी को स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत रंगोली एवं पेंटिंग प्रतियोगिता, मतदाता जागरूकता रैली तथा राष्ट्रीय पर्यटन दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। समापन पर खेलकूद एवं प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने आमजन से कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की है।

📤 शेयर करें: