पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Death

अजित पवार ही नहीं, संजय गांधी, माधवराव सिंधिया समेत इन राजनेताओं की प्लेन हादसे में हुई मौत, ये रही लिस्ट

✍️ Admin 📅 28 January, 2026 ⏰ 02:17 PM 👁 44 views

भारत में समय-समय पर हुए विमान और हेलीकॉप्टर हादसों में कई बड़े राजनीतिक नेता और नामचीन हस्तियां अपनी जान गंवा चुकी हैं. ताजा मामला महाराष्ट्र के डिप्टी मुख्यमंत्री अजित पवार का है. इन घटनाओं ने न सिर्फ देश को झकझोरा, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए. आइए, तारीख के हिसाब से ऐसे बड़े हादसों पर नजर डालते हैं, जिनमें देश ने अपने अहम चेहरों को खोया.

जनवरी 2026: अजित पवार
महाराष्ट्र के डिप्टी मुख्यमंत्री अजित पवार का 66 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. बुधवार सुबह 8:45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान उनका चार्टर्ड विमान क्रैश हो गया. इस हादसे में अजित पवार समेत कुल 5 लोगों की मौत हो गई. पवार पंचायत चुनाव के प्रचार के लिए बारामती जा रहे थे. महाराष्ट्र एविएशन विभाग के अनुसार, लैंडिंग के दौरान पहली बार रनवे साफ नजर नहीं आया, जिसके बाद पायलट ने विमान को दोबारा ऊपर उठाया. उस वक्त विजिबिलिटी करीब 2000 मीटर बताई गई.

जून 2025: विजय रूपाणी
अहमदाबाद से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में 241 लोगों की मौत हुई, जिनमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल थे.

मार्च 2022: जी. एस. बालयोगी
तत्कालीन लोकसभा अध्यक्ष और तेलुगु देशम पार्टी के वरिष्ठ नेता जी. एस. बालयोगी की आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले में एक हेलीकॉप्टर हादसे में मौत हो गई.

दिसंबर 2021: जनरल बिपिन रावत
भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल बिपिन रावत का 8 दिसंबर 2021 को तमिलनाडु में हुए हेलीकॉप्टर क्रैश में निधन हो गया. इस हादसे में उनकी पत्नी समेत कई अन्य लोग भी मारे गए.

अप्रैल 2011: दोरजी खांडू
अरुणाचल प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री दोरजी खांडू की चीन सीमा के पास एक दूरदराज इलाके में पवन हंस हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई.

सितंबर 2009: वाई. एस. राजशेखर रेड्डी
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएसआर के नाम से मशहूर वाई. एस. राजशेखर रेड्डी की नल्लामाला पहाड़ियों में हेलीकॉप्टर हादसे में जान चली गई.

मार्च 2005: ओपी जिंदल
उद्योगपति और हरियाणा के ऊर्जा मंत्री ओपी जिंदल की उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में हुए हेलीकॉप्टर क्रैश में मौत हो गई. इस हादसे में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेंद्र सिंह भी मारे गए.

सितंबर 2004: साइप्रियन संगमा
मेघालय के ग्रामीण विकास मंत्री साइप्रियन संगमा और 9 अन्य लोगों की पवन हंस हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई. यह हादसा शिलांग के पास बारपानी झील के नजदीक हुआ था.

अप्रैल 2004: सौंदर्या
दक्षिण भारतीय फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री के. एस. सौम्या, जिन्हें सौंदर्या के नाम से जाना जाता था, की 17 अप्रैल 2004 को एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई.

सितंबर 2001: माधवराव सिंधिया
कांग्रेस के दिग्गज नेता माधवराव सिंधिया का उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के भोगांव में एक चार्टर्ड विमान हादसे में निधन हो गया. वे कानपुर में एक रैली को संबोधित करने जा रहे थे.

जून 1980: संजय गांधी
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बेटे संजय गांधी की दिल्ली में एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई. उन्हें उस समय राजनीति का उभरता हुआ चेहरा माना जाता था. 

स्रोत: ABP Hindi

📤 शेयर करें: