टी-20 वर्ल्ड कप: किशन और हार्दिक ने जड़े तूफानी अर्धशतक, नामीबिया को 210 रनों का लक्ष्य
टी-20 वर्ल्ड कप के 18वें मुकाबले में भारत ने नामीबिया के सामने जीत के लिए 210 रन का लक्ष्य रखा है. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 209 रन बनाए. ईशान किशन ने 24 गेंद में 61 रन की शानदार पारी खेलकर भारत के लिए अच्छी शुरुआत की नींव रखी. इसके बाद हार्दिक पंड्या ने 52 रन की पारी खेलकर भारत को इस स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. वहीं नामीबिया के कप्तान जेरार्ड इरास्मस ने चार ओवर में 20 रन देकर चार विकेट लिए. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में नामीबिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था. हालांकि भारत ने पहले मैच में अमेरिका को हराने के बावजूद प्लेइंग 11 में दो बदलाव किए. बीमार होने की वजह से ओपनर अभिषेक शर्मा इस मैच का हिस्सा नहीं बन पाए. उनकी जगह पर संजू सैमसन की वापसी हुई. वहीं मोहम्मद सिराज के स्थान पर जसप्रीत बुमराह की प्लेइंग 11 में वापसी हुई. मशहूर हस्तियों की कहानी पूरी तसल्ली और इत्मीनान से इरफ़ान के साथ. संजू सैमसन ने ईशान किशन के साथ मिलकर भारत को तेज तर्रार शुरुआत दिलाने की कोशिश की. संजू ने 8 गेंद में 22 रन की पारी खेली. उनकी पारी में तीन छक्के और एक चौका शामिल रहे. लेकिन दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर बेन शिकोंगो ने संजू का विकेट लेकर पवेलियन वापस भेज दिया. हालांकि इसके बाद ईशान किशन ने तिलक वर्मा के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और 4.3 ओवर में ही भारत का स्कोर 50 के पार पहुंच गया. ईशान किशन ने छठे ओवर की पहली गेंद खाली जाने के बाद लगातार चार छक्के जड़े. किशन ने 20 गेंद में ही अपनी फिफ्टी पूरी कर ली. पहले पावरप्ले के बाद भारत का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 86 रन तक पहुंच गया. इसके बाद भी किशन ने तेज से रन बनाना जारी रखा और 7वें ओवर की पांचवीं गेंद पर भारत का स्कोर 100 के पार पहुंच गया. लेकिन किशन 8वें ओवर की पहली गेंद पर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में बाउंड्री पर कैच आउट हो गए. किशन ने 24 गेंद में 61 रन बनाए. उनका विकेट जेरार्ड इरास्मस ने लिया. इसके बाद पिछले मैच के हीरो कप्तान सूर्यकुमार यादव भी ज्यादा देर क्रीज पर टिक नहीं पाए और 13 गेंद में 12 रन बनाकर स्टंप आउट हुए. इसके बाद भारत के रनों की रफ्तार धीमी हुई. इसके बढ़ाने की कोशिश में तिलक वर्मा 21 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हो गए. भारत ने 11.5 ओवर में 124 के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए. लेकिन इसके बाद हार्दिक पंड्या ने शिवम दुबे के साथ मिलकर रनों की रफ्तार को बढ़ाया. हार्दिक पंड्या ने 27 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया. लेकिन फिफ्टी पूरी करते ही वो पवेलियन वापस लौट गए. पंड्या की 52 रन की पारी में चार चौके और चार छक्के शामिल रहे. इसके तुरंत बाद शिवम दुबे 16 गेंद में 23 रन बनाकर रनआउट हो गए. आखिरी दो ओवर्स में नामीबिया ने जोरदार वापसी की और भारत को महज 10 रन बनाने का ही मौका दिया. हालांकि बावजूद इसके भारत 20 ओवर्स में नौ विकेट गंवाकर 209 रन बनाने में जरूर कामयाब हो गया. बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
स्रोत: BBC Hindi