स्वास्थ्य अधिकारी बोले- ग़ज़ा में इसराइली हमले में 11 लोगों की मौत
फ़लस्तीनी सिविल डिफ़ेंस और स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि रविवार सुबह ग़ज़ा में इसराइली हमलों में 11 लोगों की मौत हुई है. रेड क्रॉस ने बताया कि उत्तरी ग़ज़ा में एक शिविर पर हुए हमले में कम से कम छह लोग मारे गए, जबकि ग़ज़ा के दक्षिण में एक और हमले में पांच लोगों की मौत हुई. इसराइली सेना ने कहा कि उसने हमास द्वारा सीज़फ़ायर के उल्लंघन के जवाब में आतंकी ठिकानों पर हमला किया. दोनों पक्ष, इसराइल और हमास ने 10 अक्तूबर से लागू सीज़फ़ायर डील के बाद से लगभग रोज़ एक-दूसरे पर इसके उल्लंघन के आरोप लगाए हैं. हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि सीज़फ़ायर लागू होने के बाद से अब तक कम से कम 600 लोगों की मौत हुई है. टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के ख़िलाफ भारतीय बैटर ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाज़ी की. उन्होंने 40 गेंदों पर 77 रन बनाए. कोलंबो में खेले गए इस मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए ईशान किशन को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया है. बेटे के प्रदर्शन और भारतीय टीम की जीत पर ईशान किशन की मां सुचित्रा सिंह ने खुशी ज़ाहिर की है. उन्होंने कहा, ‘पूरी टीम को मेरी तरफ से बहुत-बहुत बधाई. खुशी है कि भारत ने जीत दर्ज की है. बस ऐसे ही खेलते जाएं और आगे बढ़ते जाएं, यही मेरा आशीर्वाद है.’ जब रिपोर्टर ने पूछा कि उनकी ईशान किशन से कब बात हुई थी, तो उन्होंने कहा कि, 'आज (रविवार) को ही बात हुई थी, लेकिन खेल को लेकर कोई बात नहीं हुई.' आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में रविवार को खेले गए 27वें मैच में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम सुपर-8 राउंड में पहुंच गई है. यूक्रेन के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि पूर्व ऊर्जा मंत्री को देश छोड़ने की कोशिश करते वक़्त हिरासत में लिया गया है. पिछले साल एक भ्रष्टाचार घोटाले में पूर्व ऊर्जा मंत्री जर्मन हलूशचेंको का नाम सामने आया था. इसके बाद उन्हें उनके पद से हटा दिया गया था. हलूशचेंको यूक्रेन से बाहर जा रही एक ट्रेन में पकड़े गए. हालांकि यह साफ नहीं है कि वो किस देश की यात्रा करने वाले थे. नवंबर में सामने आए करीब 100 मिलियन डॉलर के कथित घोटाले में उनका नाम सामने आया था. इस घोटाले ने राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की के प्रशासन को भी घेरने की आशंका पैदा कर दी थी. रूस के साथ जंग शुरू होने से पहले राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की, भ्रष्टाचार खत्म करने के वादे के साथ सत्ता में आए थे. 15 फ़रवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुक़ाबले में एक दिलचस्प रिकॉर्ड बना. आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में रविवार को खेले गए 27वें मैच में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम सुपर-8 राउंड में पहुंच गई है. टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार पाकिस्तान ने 6 स्पिनरों का इस्तेमाल किया और रिकॉर्ड बनाया. इससे पहले किसी भी टीम ने वर्ल्ड कप मैच में 6 स्पिनरों से गेंदबाज़ी नहीं कराई थी. पाकिस्तान ने इस मैच में 18 ओवर स्पिनरों से डलवाए. फास्ट बॉलिंग के लिए मशहूर रही पाकिस्तान की टीम ने इस मैच में महज़ दो ओवर ही पेसर से डलवाए. शाहीन शाह अफ़रीदी ने दो ओवर डाले और वो काफ़ी महंगे साबित हुए. पाकिस्तान ने इससे पहले कोलंबो के इसी ग्राउंड पर 2 अक्तूबर 2012 को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ 18 ओवर स्पिनरों से डलवाए थे और दो ओवर पेसर उमर गुल ने डाले थे. उस मैच में पाकिस्तान को जीत मिली थी, हालांकि इस बार ऐसा नहीं हो सका. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें. - टी-20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान के ख़िलाफ़ बुमराह, हार्दिक और पटेल ने गेंदबाज़ी में किया कमाल - दिल्ली हाई कोर्ट के बाद अब सुप्रीम कोर्ट ने भी एआर रहमान के ख़िलाफ़ सुनाया फ़ैसला - सम्राट अकबर के नवरत्नों में शामिल बीरबल से मुग़ल सम्राट की दोस्ती की कहानी - तारिक़ रहमान के शपथ ग्रहण में नहीं जाएंगे पीएम मोदी, उनकी जगह भारत से ये नेता होंगे शामिल
स्रोत: BBC Hindi