ईरान फिर से परमाणु हथियार बनाने की कोशिश कर रहा: जेडी वेंस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन यानी 10 करोड़ फ़ॉलोअर्स का बड़ा आंकड़ा पार कर लिया है. वे इस प्लेटफ़ॉर्म पर ऐसा करने वाले दुनिया के पहले राजनेता बन गए हैं. न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, प्रधानमंत्री मोदी ने साल 2014 में इंस्टाग्राम जॉइन किया था. पिछले एक दशक में उनका अकाउंट दुनिया के नेताओं के बीच सबसे ज़्यादा सक्रिय और लोकप्रिय डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में से एक बन गया है. प्रमुख वैश्विक नेताओं में अब पीएम मोदी के इंस्टाग्राम पर सबसे ज़्यादा फ़ॉलोअर्स हैं. इस प्लेटफ़ॉर्म पर उनके फ़ॉलोअर्स की संख्या अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से दोगुने से भी ज़्यादा है. अमेरिका का कहना है कि उसे ऐसे संकेत मिले हैं कि ईरान पिछले साल जून में अमेरिकी नेतृत्व वाले हमलों के बाद अपने परमाणु कार्यक्रम को फिर से बनाने की कोशिश कर रहा है. अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने पत्रकारों से कहा, "सिद्धांत बहुत साफ़ है. ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होना चाहिए." उन्होंने कहा, "अगर वे परमाणु हथियार बनाने की कोशिश करते हैं तो यह हमारे (अमेरिका) लिए समस्या होगी. दरअसल, हमने ऐसे सबूत देखे हैं कि वे ऐसा करने की कोशिश कर रहे हैं." वेंस का बयान ऐसे समय में आया है जब दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों के बीच गुरुवार को जिनेवा में ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत होनी है. अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने यह भी बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ और ट्रंप के दामाद ज़ेरेड कुशनर गुरुवार को ईरान के साथ होने वाली बातचीत में शामिल होंगे. वेंस ने कहा कि ट्रंप ईरान के परमाणु कार्यक्रम के मुद्दे को 'कूटनीतिक तरीके़ से' सुलझाना चाहते हैं, लेकिन राष्ट्रपति के पास 'दूसरे रास्ते' भी मौजूद हैं. ईरान में विरोध प्रदर्शनों के बाद पहली बार तेहरान पहुंचीं बीबीसी संवाददाता ने क्या पाया? इंग्लैंड के मैनचेस्टर में एक मस्जिद में कथित तौर पर कुल्हाड़ी और चाकू जैसे हथियार लेकर घुसने के बाद एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया गया है. पुलिस को मंगलवार रात क़रीब 8:40 बजे विक्टोरिया पार्क के रशोल्म इलाके़ में स्थित मैनचेस्टर सेंट्रल मस्जिद से सूचना मिली कि दो लोग संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं. इस घटना पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने भी चिंता ज़ाहिर की है. ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस के मुताबिक़, 40 साल के एक व्यक्ति को ख़तरनाक हथियार रखने और क्लास बी ड्रग्स रखने के संदेह में गिरफ़्तार किया गया है, जबकि दूसरे व्यक्ति की तलाश जारी है. मैनचेस्टर रशोल्म से सांसद अफज़ल खान ने बीबीसी से कहा, "यह दूर-दराज़ दक्षिणपंथी नेताओं की ओर से मुसलमानों को निशाना बनाने का नतीजा है. यह साफ़ तौर पर इस्लामोफ़ोबिया है." पुलिस ने बताया कि वह काउंटर टेररिज़्म पुलिसिंग नॉर्थ वेस्ट की टीम के साथ मिलकर जांच कर रही है, हालांकि इस घटना को अभी आधिकारिक तौर पर आतंकवाद से जुड़ा नहीं माना गया है. इस रुख़ पर मस्जिद से जुड़े प्रतिनिधियों ने सवाल उठाए हैं. मैनचेस्टर सेंट्रल मस्जिद के मुताबिक़, तरावीह की नमाज़ के दौरान एक व्यक्ति के अंदर आने पर वालंटियरों ने उसे रोका और पुलिस को सूचना दी. उस समय मस्जिद में क़रीब 2 हज़ार लोग मौजूद थे. पुलिस ने बाद में पुष्टि की कि घटना की सूचना एक ऑफ-ड्यूटी स्पेशल कॉन्स्टेबल ने दी थी, जो उस समय वहां मौजूद था. सुपरिंटेंडेंट साइमन नसीम ने कहा कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और न ही किसी तरह की धमकी दी गई. पीएम स्टार्मर ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मैनचेस्टर सेंट्रल मस्जिद में हुई घटना की ख़बर सुनकर मुझे चिंता हुई. मुझे पता है कि यह ख़ासकर रमज़ान के दौरान मुस्लिम समुदाय के लिए चिंता की बात होगी, जो शांति और आत्ममंथन का समय होता है." "मैं वहां मौजूद वालंटियरों और आपात सेवाओं का उनकी त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद करता हूं." उन्होंने लिखा, "हमने मस्जिदों, मुस्लिम स्कूलों और सामुदायिक केंद्रों की अतिरिक्त सुरक्षा के लिए 40 मिलियन पाउंड तक की फ़ंडिंग दी है, और हम आगे भी यह सुनिश्चित करने के लिए क़दम उठाते रहेंगे कि लोग बिना डर के रह सकें." न्यूज़ीलैंड ने टी20 वर्ल्ड कप के सुपर8 चरण के एक महत्वपूर्ण मैच में श्रीलंका को 61 रनों से हराकर सेमीफ़ाइनल में पहुंचने की अपनी संभावनाओं को और मज़बूत कर लिया है. साथ ही इस मैच के बाद पाकिस्तान के अगले चरण में पहुंचने की संभावनाएं और कम हो गई है. श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका ने बुधवार को कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में टॉस जीतकर गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया. शुरुआत में श्रीलंकाई कप्तान का पहले फ़ील्डिंग करने का फै़सला सही लग रहा था और पावरप्ले के आख़िर तक न्यूज़ीलैंड के दोनों सलामी बल्लेबाज़ पवेलियन लौट चुके थे. एक समय ऐसा लग रहा था कि न्यूज़ीलैंड शायद 130 रनों का लक्ष्य भी हासिल नहीं कर पाएगा, लेकिन कप्तान मिचेल सैंटनर और कोल मैककोनी ने सातवें विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी की और श्रीलंका को 169 रनों का लक्ष्य दिया. श्रीलंका की ओर से महेश तीक्षणा और दुश्मंथा चमीरा ने तीन-तीन विकेट लिए. लक्ष्य का पीछा कर रही श्रीलंका की टीम 20 ओवर खेलकर 107 रन ही बना पाई. न्यूज़ीलैंड की ओर से रचिन रविंद्र ने चार विकेट लिए और उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया. इस जीत के बाद न्यूज़ीलैंड के सेमीफ़ाइनल में पहुंचने की संभावनाएं बढ़ गई हैं, जबकि श्रीलंका टूर्नामेंट से बाहर हो गया है. ग्रुप टू में मौजूद पाकिस्तान, श्रीलंका, न्यूज़ीलैंड और इंग्लैंड ने अब तक दो-दो मैच खेले हैं, जिसके बाद अंक तालिका की स्थिति इस प्रकार है: इंग्लैंड दोनों मैच जीतकर चार अंक हासिल कर पहले ही सेमीफ़ाइनल के लिए क्वालीफ़ाई कर चुका है, जबकि न्यूज़ीलैंड के दो मैचों के बाद तीन अंक हैं. पाकिस्तान ने भी दो मैच खेले हैं, जिनमें से एक में उसे इंग्लैंड से हार का सामना करना पड़ा, जबकि न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ उसका मैच बारिश के कारण रद्द हो गया. पाकिस्तान के पास फिलहाल एक अंक है. पाकिस्तान सेमीफ़ाइनल में तभी पहुंच सकता है जब इंग्लैंड शुक्रवार को न्यूज़ीलैंड को बड़े अंतर से हरा दे और दूसरी ओर पाकिस्तान शनिवार को श्रीलंका के ख़िलाफ़ जीत हासिल करे. हालांकि, इस स्थिति में भी ग्रुप टू से सेमीफ़ाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम का फै़सला रन रेट के आधार पर होगा. फिलहाल, न्यूज़ीलैंड का रन रेट 3.050 है जबकि पाकिस्तान का रन रेट माइनस 0.461 है. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें. - सरबजीत कौर के कथित भारतीय पति की याचिका पर लाहौर हाई कोर्ट में हुई सुनवाई - इसराइल के मामले में पीएम नरेंद्र मोदी ने कई परंपराओं की दीवार क्यों तोड़ी - सेक्स की कम होती इच्छा को क्या इस तरीक़े से बेहतर किया जा सकता है - पाकिस्तान से जंग के मामले में क्या तालिबान उसके आगे टिक पाएगा?
स्रोत: BBC Hindi