अभिषेक शर्मा के फ़ॉर्म को लेकर सैम करन को किस बात का 'डर'?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर सैम करन ने भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा के फ़ॉर्म को लेकर प्रतिक्रिया दी है. गुरुवार को भारत और इंग्लैंड के बीच आईसीसी पुरुष टी020 वर्ल्ड कप 2026 का सेमीफ़ाइनल मुक़ाबला होना है. अभिषेक शर्मा का इस टूर्नामेंट में प्रदर्शन अब तक ख़ास नहीं रहा है. उन्होंने छह पारियों में सिर्फ़ 80 रन बनाए हैं. शुरुआत में वे लगातार तीन मैचों में शून्य पर आउट हुए. मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकार ने सैम करन से वर्ल्ड कप से पहले इंग्लैंड के ख़िलाफ़ भारत की हालिया टी020 अंतरराष्ट्रीय सिरीज़ में अभिषेक के फ़ॉर्म का ज़िक्र किया. इस पर सैम करन ने कहा, "फिलहाल हमारा पूरा ध्यान गुरुवार के मैच पर है. मुझे उम्मीद है कि अभिषेक दोबारा वैसी ही पारी नहीं खेलेंगे. लेकिन हमने इस मैच के लिए अच्छी तैयारी की है और हमारा फ़ोकस पूरी तरह मुक़ाबले पर है." दरअसल इंग्लैंड के ख़िलाफ़ उस सिरीज़ में अभिषेक ने आख़िरी मैच में 37 गेंदों में शतक बनाया था. क़तर की सरकारी न्यूज़ एजेंसी ने कहा है कि बुधवार तड़के क़तरी सुरक्षा बलों ने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) के लिए काम कर रही 'दो यूनिट्स' के कुछ लोगों को गिरफ़्तार किया है. न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक़, सात संदिग्धों को देश के महत्वपूर्ण सैन्य ढांचों से जुड़ी जानकारी इकट्ठा करने के लिए जासूसी मिशन पर लगाया गया था. इसमें आगे कहा गया है कि इसके अलावा तीन अन्य अभियुक्तों को ड्रोन के इस्तेमाल की ट्रेनिंग दी गई थी. एजेंसी का कहना है कि पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड से अपने संबंध स्वीकार किए और बताया कि उन्हें जासूसी और तोड़फोड़ जैसे मिशन सौंपे गए थे. इसराइल और अमेरिका ने ईरान पर शनिवार को हमला किया था, जिसके बाद से ईरान मध्य पूर्व देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य बेस को निशाना बना रहा है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ज़रूरत पड़ने पर अमेरिकी नौसेना जल्द ही होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने वाले तेल टैंकरों को सुरक्षा देगी. अमेरिका-इसराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण इस समुद्री रास्ते से गुज़रने वाले जहाज़ों का यातायात लगभग ठप हो गया है. यह रास्ता पर्शियन गल्फ़ और ओमान की खाड़ी के बीच स्थित है. दुनिया में तेल और गैस सप्लाई के लिए यह सबसे अहम रास्तों में से एक है. हर दिन क़रीब 2 करोड़ बैरल तेल इसी रास्ते से गुज़रता है. ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्होंने एक संघीय एजेंसी को निर्देश दिया है कि खाड़ी क्षेत्र में समुद्री व्यापार के लिए 'पॉलिटिकल रिस्क इंश्योरेंस और गारंटी' दी जाए. इसराइल डिफ़ेंस फोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने कहा है कि उसने ईरान समर्थित समूह हिज़्बुल्लाह के क़रीब 60 ठिकानों को निशाना बनाया है. आईडीएफ़ ने एक बयान में कहा, “जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया है उनमें हथियार भंडारण सुविधाएं, कमांड सेंटर, मिसाइल लॉन्चर और अतिरिक्त आतंकवादी बुनियादी ढांचा शामिल था.” हिज़्बुल्लाह और इसराइल के बीच पिछले कुछ समय से हमले जारी हैं. वहीं हिज़्बुल्लाह ने दावा किया है कि उसने स्थानीय समयानुसार रात 8 बजे उत्तरी इसराइल के हैफ़ा नौसैनिक अड्डे को निशाना बनाया. इसराइली सेना के मुताबिक़, कई मिसाइलें दागी गईं, जिनमें से ज़्यादातर को हवा में ही मार गिराया गया. न्यूज़ एजेंसी एएफ़पी के एक पत्रकार के अनुसार, इन घटनाओं के कुछ घंटों बाद लेबनान की राजधानी बेरूत में एक ज़ोरदार धमाका सुना गया. इससे पहले शनिवार को इसराइल और अमेरिका ने ईरान पर हमला किया था. इसके बाद से पूरे मध्य पूर्व में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें. - ईरान की ज़मीन पर ग्राउंड ऑपरेशन के लिए क्या अपने सैनिक उतारेगा अमेरिका - हिज़्बुल्लाह, हूती और इराक़ी शिया गुट क्या अब ईरान का साथ देंगे? - ख़ामेनेई की मौत और जंग: ईरान में इस वक़्त की तैयारी कब से हो रही थी - फ़ुटबॉल वर्ल्ड कप के टिकट महंगे करके क्या फ़ीफ़ा ने सेल्फ़ गोल कर लिया है - ईरान के हमलों के दौरान क्या महसूस कर रहे थे दुबई में रहने वाले लोग?
स्रोत: BBC Hindi