टी-20 वर्ल्ड कप फ़ाइनल: भारत ने न्यूजीलैंड के सामने रखी 256 रन की चुनौती
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मैच खेला जा रहा है. 18 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 219 रन है. 16वें ओवर में नीशम ने तीन विकेट लेकर न्यूजीलैंड की वापसी करवाई. कप्तान सूर्यकुमार पहली गेंद पर ही बिना खाता खोले आउट हो गए. 16वें ओवर में ही संजू सैमसन और ईशान किशन भी आउट हुए. किशन ने 25 गेंद पर 54 रन की पारी खेली. हालांकि संजू सैमसन 89 रन बनाए. मैच का ताजा स्कोर देखने के लिए आप इस लिंक पर क्लिक करें. संजू और किशन के बीच दूसरे विकेट के लिए 48 गेंद पर 105 रन की पार्टनरशिप हुई. संजू सैमसन ने 14वें ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर रचिन रविंद्र के खिलाफ छक्कों की हैट्रिक जड़ी. इससे पहले संजू सैमसन ने 33 गेंद पर अपनी फिफ्टी पूरी की. संजू सैमसन की ये लगातार तीसरी फिफ्टी है. संजू सैमसन टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल और सेमीफाइनल में फिफ्टी लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी भी बन गए हैं. 8वें ओवर की पहली गेंद पर अभिषेक शर्मा रचिन रविंद्र की गेंद पर आउट होकर पवेलियन वापस लौट गए. हालांकि उन्होंने आउट होने से पहले 21 गेंद पर 52 रन की पारी खेली. अभिषेक शर्मा ने भारत को मजबूत शुरुआत दिलाते हुए 18 गेंद में ही फिफ्टी पूरी की. हालांकि शुरुआती दो ओवर्स में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने संभलकर खेलने की कोशिश की. पहले ओवर में भारतीय ओपनर्स ने सात और दूसरे ओवर में पांच रन ही स्कोर किए. तीसरे ओवर में अभिषेक शर्मा ने दो और संजू सैमसन ने एक बाउंड्री स्कोर की. टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में पहली बार भारतीय ओपनर्स टीम को 50 रन से ज्यादा की शुरुआत दिलाने में कामयाब हुए हैं. टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भी पहली बार किसी टीम को 50 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप मिली है. न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. न्यूजीलैंड की प्लेइंग 11 में फाइनल मुकाबले के लिए एक बदलाव हुआ है. न्यूजीलैंड हालांकि बिना किसी ऑफ स्पिनर के फाइनल मुकाबले में उतरा है. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया है कि भारत की प्लेइंग 11 में फाइनल मैच के लिए कोई बदलाव नहीं हुआ है. भारत की प्लेइंग 11: भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, 10 जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती. न्यूज़ीलैंड की प्लेइंग 11: टिम साइफ़र्ट (विकेटकीपर), फ़िन ऐलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फ़िलिप्स, मार्क चैपमैन, डैरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जिमी नीशम, मैट हेनरी, लॉकी फ़र्ग्यूसन, जेकब डफ़ी भारतीय क्रिकेट टीम टी-20 वर्ल्ड कप की मौजूदा चैंपियन है. टीम इंडिया के पास आज लगातार दो बार वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बनने का मौका है. हालांकि भारतीय टीम ने 2024 के अलावा 2007 में टी20 वर्ल्ड कप का पहला संस्करण भी अपने नाम किया था. वहीं न्यूजीलैंड की टीम अभी तक इस टूर्नामेंट को जीत नहीं पाई है. न्यूजीलैंड के पास पहली बार वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचने का मौका है. बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
स्रोत: BBC Hindi