Tamilnadu News: तमिलनाडु की पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 12 मजदूरों की मौत, CM स्टालिन ने जताया दुख
तमिलनाडु में इसी हफ्ते गुरुवार (23 अप्रैल, 2026) को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले लगातार दूसरे दिन बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है. राज्य के विरुधुनगर जिले के कत्तनारपट्टी में रविवार (19 अप्रैल, 2026) को एक पटाखा फैक्ट्री में बड़ा विस्फोट हुआ है. स्थानीय पुलिस ने बताया कि इस घटना में फैक्ट्री में काम करने वाले कम से कम 12 मजदूरों की मौत हो गई और कई अन्य घायल भी हुए हैं.
इस घटना की खबर सामने आने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मरने वालों लोगों के परिवार वालों के प्रति संवेदना जताई है और अधिकारियों को जरूरी मदद सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं.
घटना में मरने वालों की बढ़ सकती है संख्याः पुलिस
जिला पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि अभी तक हमने 12 शव बरामद किए हैं. हमें आशंका है कि संख्या और भी ज्यादा बढ़ सकती है.
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, जब पटाखा फैक्ट्री में आग लगी, उस वक्त वहां करीब 30 मजदूर काम कर रहे थे. पुलिस ने बताया कि इस धमाके के असर से बिल्डिंग के कुछ हिस्से ढह गए और इसके बाद लगी भीषण आग में पूरी फैक्ट्री जलकर खाक हो गई.
स्रोत: ABP Hindi