हवाला नेटवर्क का मास्टरमाइंड नवास KI गिरफ्तार, दुबई में पकड़ा गया ठग सुकेश चंद्रशेखर का खास सहयोगी
दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने बहुचर्चित 217 करोड़ उगाही मामले में एक बड़ा कदम उठाते हुए ठग सुकेश चंद्रशेखर के करीबी सहयोगी नवास कक्कट इस्माइल उर्फ नवास KI को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पिछले कई सालों से फरार चल रहा था और अब उसे दुबई से डिपोर्ट कर दिल्ली लाया गया है.
2021 में दर्ज मामले में नवास KI घुमाता था हवाला का पैसा
पुलिस के मुताबिक, यह मामला साल 2021 में दर्ज हुआ था, जिसमें सुकेश चंद्रशेखर पर आरोप है कि उसने रोहिणी जेल में रहते हुए अपने साथियों के साथ मिलकर एक महिला से करीब 217 करोड़ की उगाही की थी. इस पूरे नेटवर्क में अब तक 22 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें सुकेश और उसकी पत्नी लीना पॉलोस भी शामिल हैं. जांच में सामने आया कि नवास KI इस गिरोह का अहम हिस्सा था और हवाला के जरिए पैसे को इधर-उधर करने में उसकी बड़ी भूमिका थी.
नवास KI विदेश में बैठकर भारत में हवाला का करता था काम
वह भारत और विदेश, खासकर दुबई, में बैठकर इस पूरे पैसों के खेल को संभालता था. पुलिस के अनुसार, नवास ही वह कड़ी था जो उगाही के पैसों को छिपाने, घुमाने और सुरक्षित जगह तक पहुंचाने का काम करता था. एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही नवास फरार था. उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था.
इंटरपोल और CBI की मदद से लाया गया दुबई से भारत
हाल ही में अबू धाबी से सूचना मिली कि उसे वहां पकड़ लिया गया है. इसके बाद इंटरपोल और सीबीआई के सहयोग से उसे सोमवार (4 मई, 2026) को दिल्ली लाया गया, जहां IGI एयरपोर्ट पर उसे हिरासत में ले लिया गया. पूछताछ में नवास ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. फिलहाल उसे कोर्ट में पेश कर 10 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है. पुलिस अब उससे और अहम खुलासों की उम्मीद कर रही है.
स्रोत: ABP Hindi