विजय सरकार पर ग्रहण, सिर्फ 116 MLAs का समर्थन, कांग्रेस ने विधायकों को बेंगलुरु किया शिफ्ट, कल VCK लेगी फैसला
तमिलनाडु में चुनाव बाद ड्रामेबाजी शुक्रवार (8 मई, 2026) की देर रात उस वक्त देखी गई, जब टीवीके चीफ विजय को शनिवार (9 मई, 2026) को शपथ लेना था, लेकिन आखिरी वक्त पर समर्थन देने से वीसीके मुकर गई. इसके बाद राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर को आधिकारिक तौर पर शपथ ग्रहण के ऐलान में देरी करने पड़ी है. इस बीच सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी ने अपने पांचों विधायकों को चेन्नई से बेंगलुरु में शिफ्ट कर दिया है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, राज्यपाल अर्लेकर अभी वीसीके के समर्थन पत्र का इंतजार रहे हैं. जबकि इससे पहले विजय ने तीसरी बार राजभवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात की और उन्हें 116 विधायकों के समर्थन वाला लेटर सौंपा. हालांकि, अभी भी सरकार के लिए जरूरी बहुमत से 2 का आंकड़ा कम है.
इससे पहले यह कहा जा रहा था कि VCK और IUML ने टीवीके को समर्थन दे दिया है, जिससे अब विजय के गठबंधन का आंकड़ा 121 तक पहुंच गया था. इसी आधार पर शनिवार (9 मई) की सुबह 11 बजे विजय के शपथ लेने की चर्चा थी, लेकिन घटनाक्रम में फिर मोड़ आया, जब IUML ने टीवीके को समर्थन देने की खबरों का खंडन कर दिया और कहा कि वह DMK के साथ ही बनी रहेगी.
राज्यपाल समर्थन पत्र मिलने के बाद ही करेंगे शपथ ग्रहण की घोषणा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले दो घंटों से टीवीके नेता VCK प्रमुख थोल. तिरुमावलवन से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनका पता नहीं चल पा रहा है. राजभवन के कहा गया कि राज्यपाल कार्यालय VCK का औपचारिक समर्थन पत्र मिलने के बाद ही शपथ ग्रहण समारोह की घोषणा करेगा. पार्टी शनिवार (9 मई) को TVK को समर्थन देने पर फैसला करेगी.
स्रोत: ABP Hindi