पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Death

TN CM Vijay Oath Ceremony LIVE: तमिलनाडु में 'विजय' सरकार, 10 बजे शपथ लेंगे TVK चीफ, राहुल गांधी भी होंगे शामिल

✍️ Admin 📅 10 May, 2026 ⏰ 07:46 AM 👁 41 views

टीवीके चीफ जोसेफ विजय तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं. तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने चेन्नई स्थित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. विजय के साथ 9 और विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली. इनमें मुस्तफा, एस कीर्तना, टीके प्रभु, सेंगोट्टैयन, एन आनंद, आधव अर्जुन, निर्मल कुमार, राज मोहन अरुमुगम, वेंकटरमण और अरुण राज का नाम शामिल है. विजय के शपथग्रहण समारोह में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी भी शामिल हुए. विजय ने उनका शाल ओढ़ाकर स्वागत किया. राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम और बीजेपी तमिलनाडु के चीफ नागेंद्र, तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल तमिलिसाईं सुंदरराजन भी शामिल हुए.  राज्यपाल ने शनिवार को टीवीके प्रमुख विजय को राज्य का नया मुख्यमंत्री नियुक्त किया था. विजय को 13 मई या उससे पहले तक विश्वास मत हासिल करने का समय दिया गया है. विजय ने तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के प्रमुख के. सेल्वपेरुंथगई और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य सचिव पी. षणमुगम सहित सहयोगी दलों के नेताओं के साथ राज्यपाल से मुलाकात की थी, जिसके बाद राज्यपाल ने सरकार बनाने का न्योता दिया. वीसीके और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के पास दो-दो सीट हैं. दोनों पार्टियों के समर्थन को मिलाकर तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) की सीट की संख्या अब 234 सदस्यीय विधानसभा में 120 हो गई है. टीवीके के संस्थापक नेता ने राज्यपाल से उन्हें सरकार बनाने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित करने का आग्रह किया था. विजय चौथी बार लोकभवन में राज्यपाल से मिलने पहुंचे थे.  विधानसभा चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी विजय के नेतृत्व वाली टीवीके के पास शुरुआत में बहुमत के आंकड़े से 10 सीटें कम, यानी 108 सीटें थीं. टीवीके ने अपने पहले विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद, सरकार बनाने के लिए द्रमुक के सहयोगी दलों कांग्रेस, भाकपा, माकपा और वीसीके से संपर्क किया था और समर्थन मांगा था. हालांकि विजय, जिन्होंने दो सीटों पर जीत हासिल की है, को उनमें से एक सीट छोड़नी पड़ेगी. इससे पार्टी के विधायकों की संख्या घटकर 107 रह जाएगी. टीवीके को समर्थन देने वाली पार्टियों - कांग्रेस के 5 तथा भाकपा, माकपा और वीसीके के 2-2 विधायक हैं. तमिलनाडु में विजय की शपथ पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, 'केवल पंथ-निरपेक्ष सरकारें ही सच्चे लोकतंत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं, जो सभी नागरिकों के लिए स्वतंत्रता, समता और बंधुत्व के सिद्धांतों तथा संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखने और उनकी रक्षा करने के संकल्प पर आधारित होती हैं. हम आशा करते हैं कि तमिलनाडु की नवनिर्मित पंथ-निरपेक्ष सरकार अपने पूर्ववर्तियों की जनकल्याणकारी योजनाओं की परंपरा को और आगे बढ़ाएगी. तमिलनाडु के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री के रूप में श्री जोसेफ विजय चंद्रशेखर जी को हार्दिक बधाई. मैं उनके सार्थक और जन-जन को समर्पित सक्रिय नेतृत्व की कामना करता हूं.' AMMK महासचिव टीटी दिनाकरण का विजय के शपथग्रहण पर रिएक्शन आया है. उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में नवगठित नई सरकार को मैं हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं. मुझे पूरा विश्वास है कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए सभी वादे समय रहते पूरे किए जाएंगे.

स्रोत: ABP Hindi

📤 शेयर करें: