पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Death

अभिषेक बनर्जी पर हमले को लेकर भड़के कपिल सिब्बल, बोले- बेहद शर्मनाक है कि सत्ताधारी पार्टी...

✍️ Admin 📅 01 June, 2026 ⏰ 09:59 AM 👁 43 views

राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने रविवार (31 मई, 2026) को तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें शर्म आती है कि वे ऐसे देश में रह रहे हैं जहां सत्ताधारी पार्टी लोकतंत्र की नींव को नष्ट करने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है.

सिब्बल ने पूछा कि हिंसा के दोषियों को पकड़ने के लिए क्या कार्रवाई की गई है. उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की चुप्पी पर सवाल उठाया. पुलिस ने बताया कि शनिवार को चुनाव के बाद हुई हिंसा के पीड़ितों के परिवारों से मिलने के लिए सोनारपुर जाने पर अभिषेक बनर्जी के साथ कथित तौर पर स्थानीय लोगों ने मारपीट की.

अज्ञात लोगों ने सांसद पर पत्थर, जूते और अंडे फेंके, और 'चोर-चोर' के नारे लगाते हुए उन पर लात-घूंसे बरसाने की कोशिश भी की. कपिल सिब्बल ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'कल जब मैंने सोशल मीडिया पर अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले का तरीका देखा तो मैं स्तब्ध रह गया. जाहिर है यह एक सोची-समझी साजिश थी. मैंने एक व्यक्ति को पत्थर फेंकते देखा, सौभाग्य से अभिषेक बनर्जी ने हेलमेट पहना हुआ था.'

कपिल सिब्बल ने कहा कि अगर अभिषेक बनर्जी ने हेलमेट नहीं पहना होता तो यह चोट घातक साबित हो सकती थी. भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कपिल सिब्बल ने कहा, 'दुर्भाग्यवश और जानबूझकर, उन्होंने लोकसभा सदस्य अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा हटा ली. उनकी सुरक्षा हटाई गई, उन्हें पता था कि वे कहां जा रहे हैं, वहां लोग जमा थे - गुंडे, नागरिक नहीं. ऐसे लोगों से वास्तव में वोट देने का अधिकार छीन लेना चाहिए.'

स्रोत: ABP Hindi

📤 शेयर करें: