जनगणना 2027 में OBC कॉलम पर कांग्रेस का बड़ा प्लान, दिल्ली में होगी बैठक
जनगणना 2027 में OBC का अलग कॉलम नहीं होने के मुद्दे को लेकर कांग्रेस अब बड़ा राजनीतिक अभियान शुरू करने की तैयारी में है. इसी रणनीति के तहत कल दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस के OBC विभाग की अहम बैठक बुलाई गई है. बैठक में कांग्रेस OBC विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जय हिंद समेत सात राज्यों के करीब 300 जिलों के OBC जिला अध्यक्ष शामिल होंगे. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान समेत चुनावी राज्यों से जुड़े OBC पदाधिकारी बैठक में मौजूद रहेंगे. इसके अलावा कांग्रेस OBC महिला विंग के सभी पदाधिकारियों को भी बैठक में बुलाया गया है. जनगणना में ओबीसी कॉलम के मुद्दे को उठाने की रणनीति पर होगी चर्चा कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, बैठक में जनगणना 2027 में OBC का कॉलम नहीं होने के मुद्दे को चुनावी राज्यों में प्रमुखता से उठाने की रणनीति पर चर्चा होगी. पार्टी इस मुद्दे को पिछड़े वर्ग के अधिकार, प्रतिनिधित्व और सामाजिक न्याय से जोड़कर जनता के बीच ले जाने की तैयारी कर रही है. कांग्रेस OBC विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जय हिंद ने ABP न्यूज से कहा कि जनगणना 2027 में OBC कॉलम हटाना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा देश के प्रधानमंत्री अपने आप को OBC कहते हैं, लेकिन OBC का सम्मान नहीं हो रहा है. पिछड़ा वर्ग की लड़ाई राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी लड़ रही है. पिछड़े वर्ग को न्याय दिलाने के लिए बुलाई गई बैठक: अनिल जय हिंदअनिल जय हिंद ने कहा कि यह बैठक पिछड़े वर्ग को न्याय दिलाने के लिए बुलाई गई है और कांग्रेस का मकसद है कि हर वर्ग को सम्मान और उसका अधिकार मिले. राहुल गांधी की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक को कांग्रेस के OBC आउटरीच अभियान की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. पार्टी अब इस मुद्दे को संगठन के जिला स्तर तक ले जाकर चुनावी राज्यों में राजनीतिक रूप से धार देने की तैयारी में है. एबीपी न्यूज से जुड़े मोहित राज दुबे एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो देश की राजनीति, संसद और जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीकॉम और पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में पीजी डिप्लोमा किया है. इसके बाद दिल्ली के Aurobindo Institute of Mass Communication से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा तथा Guru Jambheshwar University से एमए इन मास कम्युनिकेशन पूरा किया है. वे प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए. वे राजनीति से लेकर संसद की रिपोर्टिंग करते हैं. उनके व्यापक रिपोर्टिंग अनुभव में शामिल है: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (2007, 2013, 2017, 2022), लोकसभा चुनाव (2009, 2014, 2019, 2024), देश के कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की जमीनी कवरेज, 2013 उत्तराखंड बाढ़ की एक्सक्लूसिव ग्राउंड रिपोर्ट, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात से दिल्ली आगमन की कवरेज और कोविड-19 महामारी के दौरान लगातार रिपोर्टिंग. राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और न्याय यात्रा की विस्तृत कवरेज भी किया है. उनकी पत्रकारिता का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, 2024 के चुनाव नतीजों के बाद 10 जनवरी को राहुल गांधी का एकमात्र इंटरव्यू लेना.
स्रोत: ABP Hindi