पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Death

जेमिमा गोल्डस्मिथ ने इमरान ख़ान को लेकर ब्रिटिश सरकार से की ये मांग

✍️ Admin 📅 24 August, 2026 ⏰ 09:02 PM 👁 40 views

इमेज स्रोत, David Levenson/Getty Images जेमिमा गोल्डस्मिथ ने अपने पूर्व पति और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रहे इमरान ख़ान के मुद्दे पर ब्रिटिश सरकार से तीखे सवाल किए हैं. जेमिमा गोल्डस्मिथ ने एक्स पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री एंडी बर्नम और विदेश मंत्री एड मिलिबैंड से पूछा- ब्रिटेन आख़िर कब तक चुप रहेगा? उन्होंने लिखा, "तीन साल से मेरे दो बेटों के पिता और पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान को उनके राजनीतिक विरोधियों ने सेना प्रमुख आसिम मुनीर की निजी दुश्मनी के चलते बेरहमी से प्रताड़ित किया है." "यह संयुक्त राष्ट्र के अनुसार एक तरह की यातना है और इससे अब उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर जानलेवा असर पड़ रहा है." जेमिमा ने कहा, "उन्होंने 3 साल का समय जेल में अकेले गुज़ारा है. क़रीब दस महीने से उनके परिवार को उनसे संपर्क करने की अनुमति नहीं दी गई है. उन्हें सबसे बुनियादी इंसानी संपर्क से दूर रखा गया है. उन्हें किताबों, वकीलों और डॉक्टरों तक पहुंच नहीं दी गई है." जेमिमा ने आरोप लगाया है कि इस मामले में पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवहेलना की जा रही है. उन्होंने कहा, "पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने अब हस्तक्षेप किया है और व्यापक चिकित्सा उपचार, उनके निजी डॉक्टर तक पहुंच, परिवार से नियमित मुलाकात और अपने बेटों के साथ सप्ताह में दो बार फोन पर बात करने का आदेश दिया है." फिर भी इन आदेशों की अवहेलना की जा रही है. उन्होंने कहा है, "यह अब केवल पाकिस्तान का राजनीतिक मामला नहीं रह गया है. यह मानवाधिकार का आपातकाल है." जेमिमा ने अपनी लंबी पोस्ट में कई मुद्दों का ज़िक्र किया है. उनके मुताबिक़, "उनके (इमरान ख़ान) ब्रिटेन से गहरे और आजीवन संबंध हैं. उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई की, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की क्रिकेट टीम की कप्तानी की और इंग्लैंड में कई साल काउंटी क्रिकेट खेला. इस देश के साथ उनका रिश्ता आधी सदी से भी ज़्यादा पुराना है." जेमिमा गोल्डस्मिथ लंदन में रहती हैं. उनके और इमरान ख़ान के दोनों बच्चे सुलेमान और कासिम, ब्रिटिश नागरिक हैं. जेमिमा ने लिखा, "उन्हें अपने पिता की सेहत बिगड़ते हुए देखने के लिए मजबूर किया गया है, उन्हें उनसे मिलने से रोका गया है." उनका कहना है, "पाकिस्तान राष्ट्रमंडल का एक देश है. ब्रिटेन की ऐसी मनमानी हिरासत, अमानवीय व्यवहार और मौलिक अधिकारों से वंचित किए जाने के ख़िलाफ़ खड़े होने की एक लंबी और गौरवपूर्ण परंपरा रही है. बर्नम सरकार से अपील है कि कृपया अब तो उचित कदम उठाएं." हॉकी पुरुष वर्ल्ड कप के मुक़ाबले में अर्जेंटीना ने भारत को 5-3 से हरा दिया है. इसके साथ ही भारत की पुरुष टीम की सेमीफ़ाइनल में पहुंचने की उम्मीदें ख़त्म हो गईं. नीदरलैंड्स में खेले गए इस मैच में शुरू से ही अर्जेंटीना की टीम भारत पर हावी दिखी. मैच की शुरुआत में ही अर्जेंटीना के ह्वाकीन टोस्कानी ने पहला गोल दाग दिया. इसके बाद अर्जेंटीना के डेलु टोरे ने दूसरा गोल पेनल्टी कॉर्नर के ज़रिए किया. हालाँकि 2-0 से पिछड़ने के बाद भारत की टीम ने थोड़ा दम ज़रूर दिखाया और सुखजीत ने गोल दागकर स्कोर 2-1 कर दिया. लेकिन फिर अर्जेंटीना के डोमेन्ह ने लगातार दो गोल दागकर स्कोर 4-1 कर दिया. इसके बाद अंतिम मिनटों में अर्जेंटीना की ओर से ल्युकास टोस्कानी ने गोल दागकर स्कोर 5-1 कर दिया. फिर मैच ख़त्म होने के पहले सुखजीत ने भारत के लिए दूसरा गोल दागा और स्कोर 5-2 हो गया. इसके बाद हार्दिक सिंह ने भी पेनल्टी की मदद से एक गोल ज़रूर दागा, लेकिन तब तक भारत की चुनौती समाप्त हो चुकी थी. पहले राउंड के तीन मैचों में भारतीय टीम ने 2 मैचों में जीत दर्ज की थी, जबकि उसे एक मैच में हार का सामना करना पड़ा था. पहले राउंड में हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने वेल्स और पाकिस्तान के ख़िलाफ़ जीत हासिल की थी, जबकि इंग्लैंड के ख़िलाफ़ टीम को हार का सामना करना पड़ा था. दूसरे राउंड में पहुंचने के बाद भारत, नीदरलैंड्स, इंग्लैंड और अर्जेंटीना की टीम पूल 'ई' में है. नीदरलैंड्स ने शनिवार को भारत को 3-1 से हरा दिया था. नीदरलैंड्स की टीम मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन भी है. पूल ‘ई’ में पहले राउंड की पूल ‘ए’ और पूल ‘डी’ से दो-दो टीमों को जगह दी गई है. यहां से टॉप दो टीमों को सीधे सेमीफ़ाइलन में पहुंचेंगी. गृह मंत्रालय ने बताया है कि भारतीय एजेंसियों ने मलेशिया में तीन फ़रार भारतीय गैंगस्टरों को पकड़ा, उन्हें भारत प्रत्यर्पित कराया और पुलिस हिरासत में भेज दिया. गृह मंत्री कार्यालय ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया, “फ़रार अभियुक्त जसप्रीत सिंह, अजय सिंह और पवनदीप सिंह ‘बंबीहा गैंग’ से जुड़े हैं." "उन पर जबरन वसूली, सीमा पार हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी और लुधियाना में एक नाकाम ग्रेनेड हमले समेत कई अपराधों के आरोप हैं." गृह मंत्री कार्यालय के मुताबिक़ भारतीय एजेंसियों ने साल 2026 में 51 कुख्यात अपराधियों के प्रत्यर्पण में मदद की है. अंग्रेज़ी अख़बार 'द टाइम्स ऑफ़ इंडिया' के मुताबिक़ जांच अधिकारियों ने पाया था कि बंबीहा गैंग का नेटवर्क पंजाब के बाहर भी कई राज्यों में है. पाकिस्तानी सेना के प्रमुख आसिम मुनीर ईरान की अपनी यात्रा में राजधानी तेहरान पहुंचे हैं. बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, पाकिस्तानी सेना के जनसंपर्क विभाग ने एक बयान में आसिम मुनीर की इस यात्रा को क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ाने और विवादों को शांतिपूर्ण ढंग से हल करने के लिए पाकिस्तान के प्रयासों का हिस्सा बताया. बयान में कहा गया है, "फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर मध्य पूर्व में चल रहे संघर्षों का शांतिपूर्ण, स्थायी और व्यापक समाधान हासिल करने के लिए चल रहे प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए ईरान के प्रमुख नेताओं से मुलाक़ाल करेंगे." छह महीने से भी कम समय में आसिम मुनीर की यह चौथी तेहरान यात्रा है. ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी, आईआरएनए ने लिखा, "हाल के हफ़्तों में ईरान के आधिकारिक रुख़ से नज़र आता है कि वह पहले अमेरिका से उन प्रतिबद्धताओं पर लौटने की मांग करता है जिन पर इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन (एमओयू) में हस्ताक्षर किए थे, लेकिन कभी लागू नहीं किया." दिल्ली के सटे गुरुग्राम के डीसी (ज़िलाधिकारी) ने बारिश और ख़राब मौसम की वजह से एडवाइज़री जारी की है. इसमें कहा गया है, "सभी कॉरपोरेट कार्यालयों, सरकारी और निजी स्कूलों तथा संस्थानों को सलाह दी जाती है कि वे अपने कर्मचारियों और स्टाफ़ को 25 अगस्त 2026 को घर से काम करने के लिए कहें." डीसी ने कहा है कि 24 अगस्त 2026 को गुरुग्राम में हुई भारी बारिश को देखते हुए ज़िले के अलग-अलग इलाक़ों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की संभावना है. उनके मुताबिक़, "इस एडवाइज़री से ट्रैफिक जाम कम करने और नागरिक एजेंसियों को सड़कों और नालों पर मरम्मत और रखरखाव का काम सुचारू रूप से करने में मदद मिलेगी." उन्होंने लोगों से सहयोग करने और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने की अपील की है. सोमवार को दिल्ली और इसके आसपास के इलाक़ों में भारी बारिश की वजह से लोगों को काफ़ी परेशानियों का सामना करना पड़ा है. इसकी वजह से कई इलाक़ों में घुटनों से कमर तक जलभराव देखा गया है, जिससे स्कूली छात्र और छात्राओं को भी समस्या झेलनी पड़ी है. इमेज स्रोत, Viraj Kothalawala/MB Media/Getty Images श्रीलंका के ख़िलाफ़ दूसरे टेस्ट मैच में भारत ने अपनी पहली पारी घोषित कर दी है. भारत ने नौ विकेट पर 503 रन बनाए हैं. कोलंबो में खेले जा रहे मैच के दूसरे दिन ध्रुव जुरेल 115 रन बनाकर नॉट आउट रहे. इससे पहले मैच में देवदत्त पडिक्कल ने शानदार शतक जड़ा था. वह 117 रन बनाकर आउट हुए थे. वहीं भारतीय पारी में रिषभ पंत ने 63 और कप्तान शुभमन गिल ने 50 रनों की पारी खेली. इसके साथ ही यशस्वी जायसवाल ने 45 और रवींद्र जडेजा ने 43 रनों का योगदान दिया. श्रीलंका की ओर से तेज़ गेंदबाज़ असिथा फ़र्नांडो ने सबसे ज़्यादा 4 विकेट लिए. कोलंबो टेस्ट मैच के पहले दिन रविवार को जब 45 रनों पर निजी स्कोर पर जायसवाल को फ़र्नांडो ने क्लीन बोल्ड किया तो दोनों के बीच नोंकझोंक देखने को मिली. इस पर आईसीसी ने यशस्वी जायसवाल और असिथा फ़र्नांडो पर मैच फ़ीस का 25 फ़ीसदी जुर्माना लगाया है. इसके साथ ही आईसीसी ने दोनों खिलाड़ियों को एक डीमेरिट पॉइंट दिया है. राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाक़ों में सोमवार को भारी बारिश की वजह से लोगों को परेशानी से दो-चार होना पड़ा. कई इलाक़ों में स्कूली बच्चों को इस परेशानी का सामना करना पड़ा है. हालात ऐसे हुए कि कनॉट प्लेस जैसे पॉश इलाक़े में भी जलभराव देखा गया. इमेज स्रोत, Ritesh Shukla/Getty Images राजधानी दिल्ली में ख़राब मौसम और भारी बारिश की वजह से 15 फ़्लाइट्स को डायवर्ट किया गया है. समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से इसकी जानकारी दी है. इंडिगो एयरलाइन्स ने सोशल मीडिया एक्स पर मुसाफ़िरों के लिए सलाह जारी की है. इंडिगो ने कहा, “दिल्ली में ख़राब मौसम का असर उड़ानों के संचालन पर पड़ा है. हम मौसम की स्थिति पर लगातार नज़र रख रहे हैं और आपको सुरक्षित और सुगम तरीके से मंज़िल तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं.” इंडिगो ने कहा है कि जो भी मुसाफ़िर दिल्ली से फ़्लाइट की यात्रा करने वाले हैं वो वेबसाइट के ज़रिए इसका स्टेटस पता कर लें. इसके साथ ही इंडिगो ने सलाह दी है कि जिन लोगों को फ़्लाइट के लिए एयरपोर्ट आना हो, वो ट्रैफ़िक को ध्यान में ज़रूर रखें. वहीं स्पाइस जेट ने भी कहा है कि ख़राब मौसम का उड़ानों पर असर पड़ने की संभावना है. इसलिए मुसाफ़िरों से आग्रह किया गया है कि वे अपनी फ़्लाइट का स्टेटस वेबसाइट पर देख लें. राजस्थान में धौलपुर ज़िले के सरमथुरा में बीते 13 दिनों से बड़ी संख्या में धौलपुर और करौली ज़िलों के ग्रामीण अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हुए हैं. 25 अगस्त को इन्होंने दोनों ज़िलों के 108 गांवों की महापंचायत का आह्वान किया है. ग्रामीण 'प्रस्तावित धौलपुर-करौली टाइगर रिज़र्व के प्रोजेक्ट' का विरोध कर रहे हैं. टाइगर रिज़र्व नोटिफिकेशन साल 2023 के मुताबिक़ क्षेत्र रिजर्व के लिए चिन्हित किया गया है, इस क्षेत्र में आने वाले 108 गांवों को अब विस्थापन का डर सता रहा है. ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों को इस मामले में ज्ञापन सौंपे हैं. लेकिन, सुनवाई नहीं होने के बाद अब यह एक बड़े आंदोलन की राह पर धरने पर बैठ गए हैं. ग्रामोत्थान संस्था के अध्यक्ष रघुवीर प्रसाद ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा, "मौजूदा रिकॉर्ड के अनुसार धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व का कुल क्षेत्रफल 1,057.88 वर्ग किलोमीटर है. जिसमें 599.64 वर्ग किमी क्रिटिकल टाइगर हैबिटेट और 458.24 वर्ग किमी बफर क्षेत्र शामिल है." वह कहते हैं, "लोगों को अब अपने आशियाने, रोज़गार और खेती की ज़मीनों से बेदखल होने का डर सता रहा है." रघुवीर प्रसाद ने राज्य प्रशासन से लेकर दिल्ली तक पत्र लिख कर आंदोलनकारियों की मांगे रखी हैं. ग्रामीणों की मांगें हैं कि धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व की सीमाओं का पुनर्निर्धारण किया जाए और मानव आबादी वाले क्षेत्रों, गांवों और खनन क्षेत्रों को इससे पूरी तरह बाहर किया जाए. दूसरी मांग है कि जब तक सभी गांवों की ग्राम सभाओं में वन अधिकार अधिनियम के तहत दावों का निपटारा नहीं हो जाता, तब तक किसी भी प्रकार के विस्थापन पर तुरंत रोक लगाई जाए. आंदोलनकारी अपनी तीसरी मांग बताते हुए दो बार टाइगर रिज़र्व के क्षेत्रफल को बढ़ाने का आरोप लगाते हुए जांच की भी मांग करते हैं. उनकी तीसरी मांग है कि क्षेत्रफल में आई विसंगतियों और अवैध सीमा विस्तार की जांच के लिए एक स्वतंत्र उच्च स्तरीय समिति का गठन किया जाए. अब मुझे यानी बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को इजाज़त दीजिए. अब से रात दस बजे तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे. बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए हुए लिंक्स पर क्लिक करें. - राहुल गांधी का मनुस्मृति पर बयान: आख़िर इसमें ऐसा क्या है जिस पर होता रहा है विवाद - मोहसिन ख़ान: कोई यकीन नहीं करेगा, लेकिन मैंने रीना रॉय से शादी उनकी ख़ूबसूरती देखकर नहीं की थी - 'कोई सवाल न पूछे जाएं', मोदी-ट्रंप की मीटिंग को लेकर सर्जियो गोर के दावे से छिड़ी बहस - मोदी की राजनीति में रील्स की एंट्री: जेन ज़ी को साधने की कोशिश क्यों? इमेज स्रोत, Daniel Berehulak/Getty Images भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने सोमवार को कहा कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और दिग्गज क्रिकेटर इमरान ख़ान को अच्छा इलाज और सुविधाएं दी जानी चाहिए. कपिल देव ने कहा कि वह पाकिस्तान के क़ानून पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन उन्होंने अपील करते हुए कहा कि इमरान के साथ जेल में मानवता वाला व्यवहार होना चाहिए. उन्होंने सोमवार को कहा, "हम उस देश के क़ानून को नहीं जानते. लेकिन हर क़ैदी को, चाहे वह कोई भी हो, मानवता वाला व्यवहार और ज़रूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए. वह देश के पूर्व प्रधानमंत्री और दुनिया के बड़े क्रिकेटर रहे हैं." उन्होंने इमरान ख़ान को लेकर कहा, "मैं अपने उस दोस्त का समर्थन करता हूं, जिसके साथ हमने खेला और जिनकी क्रिकेट स्किल्स की सराहना की." कपिल देव ने कहा, "हम बस यह चाहते हैं कि उन्हें सबसे अच्छा इलाज और सुविधाएं मिलें. हम यही मांग रहे हैं. हम कुछ और नहीं मांग रहे, हम किसी जवाब की मांग नहीं कर रहे, हम सिर्फ़ अपील कर रहे हैं." गौरतलब है कि कपिल देव समेत क्रिकेट जगत के 21 पूर्व कप्तानों ने हाल ही में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के स्वास्थ्य को लेकर पीएम शहबाज़ शरीफ़ को पत्र भी लिखा है. इमेज स्रोत, Gareth Copley/Getty Images भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज़ यशस्वी जायसवाल ने श्रीलंका के तेज़ गेंदबाज़ असिथा फर्नांडो के साथ हुई तीखी बहस को लेकर हो रही आलोचना का जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि लोगों को इस घटना पर फ़ैसला देने से पहले यह जानना चाहिए कि फर्नांडो ने उनसे क्या कहा था. दरअसल, कोलंबो टेस्ट (भारत बनाम श्रीलंका) के दौरान यशस्वी जायसवाल 45 रन बनाकर आउट होने के असिथा फर्नांडो से भिड़ गए थे. इस दौरान दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी. इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए क्रिकबज़ के एक वीडियो पर कमेंट करते हुए जायसवाल ने लिखा, "अगर आपको नहीं पता कि उसने क्या कहा, तो कृपया फ़ैसला न करें. अगर कोई हद पार करता है, तो हमें उसे बताना होगा कि भारत लड़ेगा और जवाब देगा." उल्लेखनीय है कि जायसवाल ने जिस वीडियो पर कमेंट किया, उसमें जाने-माने कमेंटेटर हर्षा भोगले कह रहे थे कि जायसवाल के लिए सबसे आसान तरीका यही होता कि वो बस वहां से चले जाते. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेता और रायबरेली सांसद राहुल गांधी के 'मनुस्मृति' वाले बयान को लेकर उन पर सोमवार को तीखा हमला बोला है. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राहुल गांधी को नेता प्रतिपक्ष के तौर पर देश के लोकतंत्र के प्रति जवाबदेह होना चाहिए. योगी आदित्यनाथ ने कहा, "राहुल गांधी ने महाराष्ट्र में एक बयान दिया है कि महिलाएं मनुस्मृति के बंधन को तोड़कर अब बाहर आ जाएं. देश उनसे राहुल गांधी के रूप में बहुत अपेक्षा नहीं करता है, लेकिन भारत की संसद में नेता प्रतिपक्ष के रूप में देश आपको लोकतंत्र के प्रति जवाबदेह बनाता है." उन्होंने कहा, "संविधान की शपथ लेकर आप भारत की परंपरा और विरासत को कोसना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं. आप उत्तर प्रदेश के बाहर जाते हैं तो यूपी को अपमानित करते हैं और भारत के बाहर जाते हैं तो भारत का अपमान करते हैं." "आतंकवाद के ख़िलाफ़ देश की लड़ाई में देशद्रोही तत्वों को आप प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से प्रोत्साहित करते हैं. अयोध्या में प्रभु श्रीराम के अस्तित्व पर आपकी पार्टी प्रश्न खड़ा करती है और लोकतंत्र के प्रति आपकी निष्ठा क्या है, यह तो देश ने 1975 में आपातकाल के काले साये को देखा है." योगी आदित्यनाथ ने कहा, "ऐसा कौन है जिसके जीवन में किसी न किसी रूप में महिला का सहारा न हो- चाहे वह मां, बहन, पत्नी या बेटी के रूप में हो? ऐसा कौन व्यक्ति है? क्या बिना पिता के कोई बेटी होती है? क्या बिना भाई के कोई बहन होती है? क्या कोई पत्नी पति के बगैर अपने अस्तित्व को मानती है. क्या कोई मां बेटे के बगैर अपने अस्तित्व को पूर्ण मानती है." गौरतलब है कि पुणे में राहुल गांधी ने शनिवार को पुणे में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में मनुस्मृति का ज़िक्र किया. राहुल ने मनुस्मृति में महिलाओं के बारे में लिखे गए एक उद्धरण को शर्मनाक बताया था. इमेज स्रोत, R. Satish BABU / AFP via Getty Image तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ़ विजय ने सोमवार को विधानसभा में महिलाओं के लिए मुफ़्त बस यात्रा योजना के विस्तार की घोषणा की. समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, अब पात्र महिलाएं शहरी क्षेत्रों में चलने वाली एक्सप्रेस और डीलक्स सरकारी बसों में भी फ़्री यात्रा कर सकेंगी. वहीं, उपनगरीय और पहाड़ी इलाकों में नियमित किराये वाली सरकारी बसों में भी महिलाओं से किराया नहीं लिया जाएगा. मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि योजना के तहत फ़्री यात्रा का लाभ लेने के लिए उम्र की कोई सीमा नहीं होगी और न ही यात्राओं की संख्या से जुड़ी कोई शर्त होगी. मुख्यमंत्री ने बताया कि महिलाओं के लिए मुफ़्त बस यात्रा योजना 2 अक्तूबर, गांधी जयंती के दिन लागू की जाएगी. इस योजना के विस्तार से राज्य सरकार पर हर साल क़रीब 6,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा. उन्होंने परंदूर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजना को बंद करने की भी घोषणा की. इस परियोजना का किसानों ने जोरदार विरोध किया था. किसान अपनी खेती की ज़मीन नहीं देना चाहते थे. एडिटर्स गिल्ड ऑफ़ इंडिया ने बीजेपी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पत्रकारों और सरकार की आलोचना करने वाले लोगों को ‘दिमाग़ी नक्सल’ बताए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है. गिल्ड ने ख़ास तौर पर वरिष्ठ पत्रकार और गिल्ड के पूर्व अध्यक्ष राजदीप सरदेसाई को निशाना बनाए जाने की निंदा की है. एडिटर्स गिल्ड ने सोमवार को जारी बयान में बीजेपी सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी के उस बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि ऐसे ‘दिमाग़ी नक्सल’ नक्सलियों का समर्थन करते हैं और उन्हें बौद्धिक मदद देते हैं. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा था कि ये लोग सुरक्षा बलों के जवानों की मौत का जश्न मनाते हैं और संसद के ज़रिए समाधान खोजने के बजाय सड़कों पर कार्रवाई की बात करते हैं. एडिटर्स गिल्ड ने कहा, "राजदीप सरदेसाई ने पत्रकार और टीवी एंकर के रूप में अपने लंबे करियर में ख़बरों को तथ्यों के आधार पर पेश किया और उनका विश्लेषण किया है. किसी भी तरह से उनके काम और बयानों को ‘दिमाग़ी नक्सल’ का काम नहीं कहा जा सकता." गिल्ड ने कहा, "ऐसे हमले हमारे देश की लोकतांत्रिक छवि को कमज़ोर करते हैं और मीडिया की आज़ादी को और कम करते हैं, जिसे हमारे संविधान में बोलने की आज़ादी के अधिकार के तहत जगह दी गई है." "स्वतंत्र मीडिया के लिए लगातार कम होती जगह की वजह से 2026 वर्ल्ड प्रेस फ़्रीडम इंडेक्स में भारत 180 देशों में 157वें स्थान पर पहुंच गया है." गिल्ड ने बीजेपी के सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म से अपील की है कि वे अपना काम करने वाले मीडिया पेशेवरों को 'जनता के दुश्मन' के रूप में दिखाने की कोशिश न करें. इमेज स्रोत, Morteza Nikoubazl/NurPhoto via Getty Images अमेरिका ने ईरान पर सबसे बड़ा 'आर्थिक हमला' करने की चेतावनी दी है, जिस पर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने प्रतिक्रिया दी है. आईआरजीसी के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल हुसैन मोहेबीबी ने कहा कि इस तरह की धमकी देना एक तरह से अमेरिका की नाकामी है. दरअसल, अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि अमेरिका ईरान पर अब तक का सबसे बड़ा 'आर्थिक हमला' करने वाला है. इस पर आईआरजीसी के प्रवक्ता ने कहा, "अमेरिका की ओर से आर्थिक हमले की बात करना असल में सैन्य मोर्चे पर बड़ी नाकामी की अप्रत्यक्ष स्वीकारोक्ति है." मोहेबीबी ने कहा, "दुश्मन ताक़तों को अपने जहाज़ों को काफ़ी पीछे हटाने के लिए मजबूर होना पड़ा है. जबकि होर्मुज़ स्ट्रेट को खोलने या ईरान की रक्षा क्षमता को तोड़ने की कोशिशें भी नाकाम रही हैं." ईरानी समाचार एजेंसी आईआरएनए के अनुसार, आईआरजीसी के प्रवक्ता ने ईरानी मीडिया से अपील की कि वह युद्ध की असली स्थिति और इसमें शामिल पक्षों की सही जानकारी लोगों को दें. महाराष्ट्र के अमरावती में सोमवार तड़के ज़िला महिला अस्पताल की एनआईसीयू (चाइल्ड यूनिट) में आग लगने से तीन नवजातों की मौत हो गई. अमरावती के ज़िला सर्जन डॉ विनोद पवार ने बताया कि आग लगने की सूचना सुबह करीब 3:30 बजे मिली. जिस वार्ड में आग लगी, उसमें नौ बच्चे थे. दमकल कर्मियों ने छह बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन तीन बच्चों को निकालने में वे असफल रहे. डॉ पवार ने यह भी बताया कि जिन छह बच्चों को सुरक्षित निकाला गया था, उनकी हालत अब स्थिर है. अमरावती ज़िले के पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि सरकार मृतक बच्चों के परिजनों के साथ खड़ी है. उन्होंने कहा, "मैं ज़िला प्रशासन के साथ निरंतर संपर्क में हूं और मैंने उन्हें सभी आवश्यक निर्देश दे दिए हैं. प्रशासन स्थिति पर कड़ी नज़र रख रहा है. मैंने इस संबंध में अधिकारियों से भी चर्चा की है." इमेज स्रोत, AFP via Getty Images गिनी की राजधानी कोनाक्री में भारी बारिश के बाद कचरे का पहाड़ ढहकर आसपास के घरों पर जा गिरा, इस हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई. वहीं, 22 अन्य घायल हुए हैं. घायलों में छह की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसा शहर के डार-एस-सलाम इलाक़े में स्थानीय समयानुसार रात क़रीब दो बजे हुआ. गिनी सरकार के मुताबिक़, भारी बारिश के बाद कचरे का ढेर अचानक ढह गया, जिसके मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है. सरकार ने राहत और बचाव अभियान के लिए सेना समेत बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को मौके पर तैनात किया है. स्थानीय मीडिया से बातचीत में एक महिला ने बताया कि हादसे में उसके पांच बच्चों की मौत हो गई. अधिकारियों को आशंका है कि मलबे के नीचे और लोग दबे हो सकते हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ सकती है. घटनास्थल का दौरा करने पहुंचे गिनी के प्रधानमंत्री अमादौ ओउरी बा ने स्थिति का जायज़ा लिया. इससे पहले स्थानीय नेता लांसिने सिला ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया था कि हादसे में बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की आशंका है. उन्होंने कहा कि अब तक 18 शवों को निकालकर मुर्दाघर भेजा जा चुका है. न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन में गोलीबारी की एक घटना में भारतीय नागरिक की मौत हो गई. न्यूयॉर्क स्थित भारतीय कॉन्सुलेट ने इसकी पुष्टि की है. भारतीय वाणिज्य दूतावास ने बताया है कि घटना में मरने वाले शख़्स का नाम गुरदीप सिंह है और अधिकारी उनके परिवार के संपर्क में हैं. दूतावास ने लिखा, "हमें भारतीय नागरिक गुरदीप सिंह के असमय निधन की ख़बर से बहुत दुख हुआ. न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन में हुई गोलीबारी की घटना में उनकी अपनी जान चली गई." भारतीय कॉन्सुलेट ने आगे लिखा, "इस मुश्किल समय में हमारी संवेदनाएं और दिल से सहानुभूति उनके परिवार के साथ हैं. दूतावास परिवार के संपर्क में है और हर संभव मदद कर रहा है." समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, शुक्रवार रात ईस्ट न्यूयॉर्क इलाके में एक अज्ञात व्यक्ति के साथ कहासुनी के बाद 27 वर्षीय गुरदीप सिंह को गोली मारी गई. वारदात के बाद अभियुक्त मौके से फरार हो गया. पैरामेडिक्स ने गुरदीप को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

स्रोत: BBC Hindi

📤 शेयर करें: