पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Electricity

भीषण गर्मी में रिकार्ड बिजली कटौती से इलाके के उपभोक्ताओं में मचा हाहाकार

✍️ Admin 📅 27 June, 2026 ⏰ 09:37 PM 👁 91 views

बालपुर गोंडा। बालपुर पावर हाउस से जुड़े सैकडों गावों में भीषण गर्मी के बावजूद अघोषित  रिकार्ड  बिजली कटौती से उपभोक्ताओं में हाहाकार मचा हुआ है। भीषण गर्मी में बिजली सप्लाई न मिलने से क्षेत्र के हजारों उपभोक्ता त्रस्त है और काफी हैरान परेशान है। उनकी रातों की नींद हराम हो गई और दिन का सुख चैन छिन गया है। शांति से न रात में सो पा रहे और न दिन में सुकून से जाग पा रहे है।

विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों की घोर लापरवाही का खामियाजा क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। विभागीय अधिकारी व कर्मचारी कहते है कि मांग के अनुरूप बिजली उन्हें नहीं मिल पा रही है। बिजली कटौती ऊपर से की जा रही है निचले स्तर पर सब ठीक ठाक होने का खोेखला दावा कर रहे है। जबकि जब कभी ज्यादा समय तक बिजली रहती है तो विद्युतकर्मी अक्सर सप्लाई लाइन काटकर फाल्ट ठीक करते रहते हैं। 

ग्रामीणों के मुताबिक सरकारी दावे 18 के सापेक्ष ग्रामीणों को कई शिफ्ट में मुश्किल से 8 घंटे बिजली सप्लाई ही मिल पा रही है। इसमें भी 8 घंटे में सैकड़ों बार बिजली काटी जा रही है। रात 12 से 1 बजे तक बिजली आने के इंतजार में सभी उपभोक्ताओं को सड़क पर भटकना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि बालपुर में पॉवर हाउस होने के नाते बालपुर कस्बे को गावों से ज्यादा बिजली सप्लाई मिलनी चाहिए। रिकार्ड बिजली कटौती से आम जन मानस बेहाल नजर आ रहा है। इस तरह से इलाके के बिजली उपभोक्ताओं पर बिजली कटौती की जबर्दस्त मार झेलनी पड़ रही है।

विद्युत उपकेन्द्र पर 2 बड़े ट्रांसफार्मर लगे हुए है और दोनों का इस्तेमाल हो रहा है। पावरहाउस घासफूस व झाड़ियों से घिरा हुआ है यहां कोई सफाई नहीं की गई। जबकि यहां करीब डेढ़ से दो दर्जन कर्मचारियों की फौज कार्यरत है। बालपुर बाजार, छिटनापुर, रेरूवा, परवानपुर,नकहा बसंत, परसागोंडरी,मैजापुर बाजार, बांसगांव, हड़ियागाड़ा,गोगिया, सालपुर धौताल, धानीगांव,ठकुरापुर,नरायनपुर मर्दन, दुरगोंड़वा,सुभागपुर, बेलवा चौराहा, खानपुर, नकही,सोनहरा, डोमाकल्पी,धनखर समेत दो दर्जन ग्रामपंचायतों के सैकड़ों गांवों को विद्युत सप्लाई मिलती है।

अवर अभियंता अनुराग मौर्या,अभिनव प्रकाश मौर्या, रफ्फन अली, धर्मेंद्र कुमार समेत 4 अस्थाई विद्युत कर्मी कार्यरत है। कृष्ण कुमार सिंह, विनोद कुमार यादव, रुद्र कुमार वर्मा, शरीफुल हसन समेत 4 कुशल विद्युतकर्मी यहां संविदा पर कार्यरत है।सुशील कुमार गुप्ता, राम औतार यादव, विशाल श्रीवास्तव, रामलाल, नसीर अहमद, प्रिंस तिवारी, राजेश तिवारी, आनन्द कुमार शुक्ला, अवधेश कुमार शुक्ला, सन्दीप कुमार तिवारी, सुधीर कुमार आर्या, रोहित चौहान समेत 12 अकुशल विद्युत कर्मी संविदा पर कार्यरत है। इस तरह से इस विद्युत उपकेन्द्र पर 20 विद्युत कर्मियों की फौज कार्यरत है। इसके बावजूद विद्युत सप्लाई व्यवस्था इतनी भीषण गर्मी में चौपट होकर रह गई है।

विद्युत कर्मियों ने पूछताछ में बताया कि सारी गड़बड़ी ऊपर से है।उन्हें मांग के अनुरूप बिजली सप्लाई नहीं मिल रही है इसलिये क्षेत्रवासियों को वे पर्याप्त बिजली नहीं दे पा रहे है। इसी के चलते अघोषित विद्युत कटौती हो रही है। इसके चलते क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के मौसम के मार से उन्हें दो चार होना पड़ रहा है। अवर  अभियंता अनुराग मौर्य ने  बताया कि बार  बार विद्युत कटौती ऊपर से की जा रही है। यहां से कोई गड़बड़ी नहीं है सब ठीक ठाक चल रहा है।

📤 शेयर करें: