पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Good Work

भीषण शीतलहर में विधायक डीएम एवं एसडीएम ने जरूरतमंदों में वितरित किए 1000 कंबल

✍️ Admin 📅 20 December, 2025 ⏰ 11:51 AM 👁 48 views
  गोण्डा 20 दिसंबर 2025। शीतलहर के बीच जिले में असहाय परिवारों को राहत पहुंचाने का एक सराहनीय प्रयास किया गया। तहसील करनैलगंज के परिसर में बलरामपुर फाउंडेशन इकाई-मैजापुर चीनी मिल के सौजन्य से 1000 कम्बलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने की। वितरण में विधायक अजय सिंह तथा उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने गरीब लाभार्थियों को अपने हाथों से कम्बल प्रदान किए। इस अवसर पर जिला गन्ना अधिकारी सुनील सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी करनैलगंज, तहसीलदार करनैलगंज, विभिन्न थानों के प्रभारी निरीक्षक तथा नायब तहसीलदार सहित कई गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे। मैजापुर चीनी मिल की ओर से महाप्रबंधक  मुकेश कुमार झुनझुनवाला, पी.के. प्रभात, संतोष कुमार सिंह, सचिन यादव, बालेन्द्र सिंह आदि अधिकारी मौजूद थे। उन्होंने सभी अतिथियों का हार्दिक स्वागत किया। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने मैजापुर चीनी मिल और बलरामपुर फाउंडेशन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह संस्था लगातार सामाजिक कार्य कर रही है, जो लोकहित में अत्यंत आवश्यक है। फाउंडेशन के ऐसे नेक कार्य सराहनीय हैं, जो निरंतर समाज सेवा में संलग्न हैं। महाप्रबंधक मुकेश कुमार झुनझुनवाला ने बताया कि पद्मश्री स्वर्गीय मीनाक्षी सरावगी जी के मानव उत्थान के सपने को साकार करते हुए बलरामपुर फाउंडेशन समय-समय पर विभिन्न सामाजिक कार्य कर रहा है। यह प्रयास भविष्य में भी जारी रहेगा। यह कार्यक्रम शीतकालीन कठिनाइयों से जूझ रहे गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ। मैजापुर चीनी मिल का यह योगदान जिले में सामाजिक जिम्मेदारी की एक जीती-जागती मिसाल बन गया है।
📤 शेयर करें: