पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Journey

रक्षा बंधन पर महिला यात्रियों को निःशुल्क यात्रा की दी गई जानकारी - आरएम रोडवेज

✍️ Admin 📅 28 August, 2026 ⏰ 10:40 AM 👁 65 views




गोण्डा 28 अगस्त,2026*।
 मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश द्वारा दिए गए आदेश तथा जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में गोण्डा स्थित यूपी एसआरटीसी बस स्टैण्ड एवं रोडवेज डिपो में परिवहन विभाग के अधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया। आरटीओ प्रशासन श्री राजेश कुमार मौर्य, आरटीओ प्रवर्तन श्री आर.के. सरोज तथा एआरटीओ श्री आर.सी. भारतीय ने रोडवेज के आरएम एवं एआरएम के साथ यात्री बसों का निरीक्षण किया। 
इस दौरान रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर महिला यात्रियों को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क यात्रा सुविधा के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने महिला यात्रियों को बताया कि निर्धारित व्यवस्था के अनुसार उनके साथ यात्रा करने वाले एक सहयात्री को भी निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जा रही है। महिला यात्रियों एवं उनके साथ यात्रा कर रहे पात्र सहयात्री से टिकट के पैसे न लिए जाने के संबंध में बस परिचालकों को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान पुरुष यात्रियों से महिला यात्रियों के प्रति सम्मान, सद्भाव एवं शालीन व्यवहार बनाए रखने की अपील की गई। पुरुष सहयात्रियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि यात्रा के दौरान किसी भी महिला यात्री के साथ अभद्रता, दुर्व्यवहार अथवा किसी प्रकार का अनुचित व्यवहार न किया जाए।

बस के चालक एवं परिचालकों को निर्देश दिए गए कि यदि कोई पुरुष यात्री महिला यात्री के साथ दुर्व्यवहार अथवा अभद्रता करता है तो तत्काल डायल-112 पर सूचना देकर संबंधित यात्री को पुलिस के सुपुर्द किया जाए। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा एवं महिलाओं के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

संयुक्त निरीक्षण के दौरान रोडवेज बस चालकों एवं परिचालकों को यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए गए। चालकों को ओवरस्पीड में वाहन न चलाने, नशे की स्थिति में वाहन का संचालन न करने तथा अत्यंत सावधानी एवं जिम्मेदारी के साथ बस चलाने की हिदायत दी गई। साथ ही दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षित गति, सतर्कता और यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की गई।

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सम्मानजनक यात्रा उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने चालक-परिचालकों को शासन के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

📤 शेयर करें: