पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Meeting

दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना शासन की महत्वपूर्ण योजना - सीडीओ

✍️ Admin 📅 18 December, 2025 ⏰ 04:03 PM 👁 41 views
    गोण्डा 18 दिसम्बर,2025*। जिला पंचायत सभागार में दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समयबद्ध निस्तारण के उद्देश्य से जनपद के समस्त शिक्षण संस्थानों के साथ महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी गोण्डा श्रीमती अंकिता जैन ने की। बैठक में जनपद में संचालित दशमोत्तर छात्रवृत्ति से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा छात्र–छात्राओं को समय से लाभ दिलाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।   बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना शासन की एक अत्यंत महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र छात्र–छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाए कि जनपद का कोई भी पात्र छात्र या छात्रा छात्रवृत्ति से वंचित न रहने पाए।   मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद के सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्रवृत्ति से संबंधित सभी लंबित कार्यों को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करते हुए उसकी सूचना जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि समयबद्ध एवं पारदर्शी कार्यवाही से ही योजना का वास्तविक लाभ छात्रों तक पहुंच सकेगा।   इसके साथ ही मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि छात्रवृत्ति से संबंधित प्रगति की समीक्षा हेतु एक सप्ताह बाद पुनः बैठक आयोजित की जाएगी, जिसकी अध्यक्षता संबंधित विभाग के अधिकारी करेंगे। इस समीक्षा बैठक में सभी शिक्षण संस्थानों द्वारा की गई कार्यवाही, लंबित प्रकरणों तथा समाधान की स्थिति का मूल्यांकन किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की कमी को समय रहते दूर किया जा सके। सभी अधिकारियों एवं शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने बैठक में सक्रिय सहभागिता करते हुए छात्रवृत्ति योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए अपने-अपने स्तर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।   मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक में कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र छात्रों को समय से छात्रवृत्ति प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों एवं शिक्षण संस्थानों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा, ताकि जनपद गोण्डा में दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना का लाभ शत-प्रतिशत पात्र छात्र–छात्राओं तक पहुंचाया जा सके।   मुख्यमंत्री सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा के दौरान इस योजना प्रगति संतोषजनक नहीं है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी आवेदनों का शतप्रतिशत निस्तारण करने के लिए ब्लॉक स्तर के अधिकारियों की टीम बनाई जाय।   बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त जिला विद्यालय निरीक्षक के प्रतिनिधि के रूप में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) की प्रधानाचार्य भी बैठक में उपस्थित रहीं।
📤 शेयर करें: