डीएम ने नगरीय निकाय में कराए जाने वाले कार्यों के 15 वें वित्त आयोग की बैठक
गोण्डा 08 अप्रैल,2026*।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में नगर पालिका गोण्डा तथा नगर पंचायत कटरा बाजार में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत वार्डवार कराए जाने वाले विकास कार्यों के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका परिषद गोण्डा तथा अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत कटरा बाजार को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत जिन वार्डों में सीसी इंटरलॉकिंग सहित अन्य निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं, उनका क्रियान्वयन पूरी गहनता से परीक्षण करने के उपरांत ही किया जाए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि केवल उन्हीं स्थानों पर कार्य कराया जाए, जहां वास्तविक आवश्यकता हो, ताकि शासकीय धन का सदुपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि ऐसे निर्माण कार्य, जिन्हें पूर्ण हुए पांच वर्ष से कम समय हुआ है, उनमें पुनः नए कार्य कराने के बजाय आवश्यकता के अनुसार मरम्मत कार्य कराया जाए। इससे संसाधनों की बचत के साथ-साथ अधिकाधिक क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा सकेगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रस्तावित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी गुणवत्ता, उपयोगिता एवं आवश्यकता का आकलन किया जाए। साथ ही कार्यों की प्राथमिकता तय करते समय आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता पूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका गोण्डा विशाल कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत कटरा बाजार जितेंद्र गौतम, अध्यक्ष नगर पंचायत कटरा बाजार, एलबीसी अनिल सिंह, स्वास्थ्य लिपिक फराज अहमद, डीपीएम नगरीय निकाय गोण्डा नितेश राठौर, सीओ नगरीय निकाय गोण्डा आलोक कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।