विवाहिता की हत्या कर गन्ने के खेत में फेंका गया शव मिलने से हड़कंप
नवाबगंज गोंडा। नवाबगंज थाना क्षेत्र क ग्रामपंचायत रामापुर के टेपरा में शुक्रवार सुबह गन्ने के खेत में एक नवविवाहिता युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवती का शव मिलने की सूचना जंगल की आग की तरह क्षेत्र में तेजी से फैल गई। इसके चलते देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को खेत से बाहर निकलवाकर जांच पड़ताल शुरू कर दिया।
मृतका की पहचान मैनपुर गांव निवासी 20 वर्षीय पूजा पुत्री शिवजनम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार पूजा बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह रामापुर गांव निवासी चंद्र प्रताप सिंह के गन्ने के खेत में उसका शव पड़ा होने की सूचना मिली।
ग्राम प्रधान दुर्गा सिंह ने बताया कि पूजा की शादी बीते दिसंबर माह में मनकापुर थाना क्षेत्र के कुंजलपुर गांव निवासी सुभाष के साथ हुई थी। वह बुधवार को ससुराल से मायके आई थी। पूजा चार बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। मृतका के पिता रामजनम एक सप्ताह पूर्व रोज़गार के सिलसिले में गोवा गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही वह घर के लिए रवाना हो गए।
घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष अभय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में महिला की गला कसकर हत्या कर शव खेत में फेंके जाने की आशंका जताई गई है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
सीओ तरबगंज यूपी सिंह और प्रशिक्षु आइएएस प्रदीप कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना से मृतका की मां अनीता सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका की मां अनीता ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि शादी से पहले पूजा की बातचीत थाना क्षेत्र के रामापुर गांव की टेपरा कॉलोनी निवासी राजकुमार पुत्र तिलकराम से होती थी। शादी के बाद भी वह युवक पूजा पर विवाह का दबाव बनाकर धमकी देता था। आरोप है कि उसी युवक ने गला कसकर पूजा की हत्या की है।थाना अध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि प्रकरण में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।