नव वर्ष की पूर्व संध्या पर भारी पुलिस बल समेत गश्त करके एसपी ने कराया सुरक्षा का एहसास
नववर्ष की पूर्व संध्या के अवसर पर पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा भारी पुलिस बल के साथ शहर क्षेत्र में पैदल गश्त एवं भ्रमण कर आमजन मानस को कराया सुरक्षा का एहसास, सम्बन्धित को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश-
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल द्वारा नववर्ष के अवसर पर जनपद गोण्डा में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराए जाने, सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था तथा कानून-शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से नववर्ष की पूर्व संध्या के अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत, प्रशिक्षु आईपीएस प्रदीप कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर आनंद कुमार राय एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के साथ भारी पुलिस बल सहित शहर क्षेत्र में पैदल गश्त एवं भ्रमण किया गया।
पैदल गश्त एवं भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा रास्ते में मिलने वाले आमजन मानस से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का एहसास कराया गया तथा नववर्ष की शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान दुकानदारों एवं व्यापारियों से भी वार्ता कर कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया गया तथा उन्हें सुरक्षा के दृष्टिगत अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर सी०सी०टी०वी० कैमरे लगाने एवं किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा अराजक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु विभिन्न स्थानों पर लगाई गई ड्यूटियों का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चाक-चौबंद रखी जाए, जिससे जनपद में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।
उन्होंन शहर क्षेत्र में निरंतर पेट्रोलिंग किए जाने, भीड़-भाड़ एवं बाजार वाले स्थानों पर संदिग्ध व्यक्ति/वाहनों की गहनता से चेकिंग कराने तथा उन स्थानों पर जहां महिलाओं की उपस्थिति अधिक रहती है, वहां महिला पुलिस कर्मियों की निरंतर पेट्रोलिंग सुनिश्चित कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने जनपद वासियों से अपील की गई कि नववर्ष के उत्सव को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। किसी भी प्रकार का हुड़दंग न करें तथा बिना नशा किए, पूर्णतः सजग/सतर्क अवस्था में ही वाहन चलाएं। उन्होंने आमजन से यातायात नियमों का पूर्ण रूप से पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा ओवरस्पीडिंग से बचने की अपील की। महोदय ने कहा कि कोहरे के इस मौसम में तेज गति से वाहन चलाना जानलेवा सिद्ध हो सकता है, अतः निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं और स्वयं तथा दूसरों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखें।
पुलिस अधीक्षक ने जनपद के समस्त थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर पेट्रोलिंग करते हुए कानून-शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।