एसडीएम ने छापेमारी कर अवैध खनन में संलिप्त जेसीबी व डंपर को पकड़ा हड़कंप
करनैलगंज गोंडा। करनैलगंज तहसील क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई किया है। उपजिलाधिकारी की अगुवाई में राजस्व, खनन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध मिट्टी खनन में लगे एक जेसीबी और एक डंपर को पकड़ लिया। दोनों वाहनों को पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।
सूचना के मुताबिक थाना कोतवाली करनैलगंज की भंभुआ पुलिस चौकी क्षेत्र की ग्राम पंचायत फतेहपुर में मिट्टी का अवैध खनन और परिवहन किए जाने की सूचना उपजिलाधिकारी को मिली थी। सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई किया।
छापेमारी के दौरान मौके से एक जेसीबी मशीन और एक डंपर को कब्जे में लेकर भंभुआ पुलिस चौकी की अभिरक्षा में दे दिया गया। प्रशासन द्वारा संबंधित लोगों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।बताया जा रहा है कि करनैलगंज तहसील क्षेत्र के कई इलाकों में रात के समय अवैध खनन की गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई।
उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में कहीं भी अवैध खनन की सूचना मिलने पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी स्थिति में अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजस्व, खनन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप का माहौल देखा गया।