ओडीओसी योजना के तहत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित गोंडा की कचौड़ी इटियाथोक के दही बड़े का चयन
गोण्डा, 22 अगस्त 2026* - जिला पंचायत सभागार में शनिवार को जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र के तत्वावधान में एक जनपद-एक व्यंजन (ओडीओसी) योजना के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जनपद की प्रसिद्ध कचौड़ी तथा इटियाथोक के दही बड़े का चयन किए जाने की जानकारी दी गई। इस दौरान उपस्थित उद्यमियों एवं लाभार्थियों को योजना के तहत उपलब्ध अवसरों, सुविधाओं एवं संभावनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी देकर जागरूक किया गया।
कार्यशाला में खादी ग्रामोद्योग विभाग के अधिकारी ने योजना के अंतर्गत स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना के लिए उपलब्ध अवसरों पर प्रकाश डाला। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने खाद्य उत्पादों की बेहतर पैकेजिंग, स्वच्छता एवं हाइजीन के मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण तथा स्वीकृत फूड कलर्स के उचित उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। वहीं श्रम विभाग द्वारा श्रम कानूनों एवं श्रमिकों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान उद्यमी भूपेन्द्र आर्या तथा इटियाथोक के उद्यमी कृपाशंकर शुक्ला ने अपने अनुभव एवं विचार साझा किए। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने तथा उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए ओडीओसी योजना को उपयोगी बताया।
कार्यशाला में उपायुक्त उद्योग, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी, खाद्य सुरक्षा आयुक्त एवं बाट-माप विभाग के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में उद्यमी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर पारंपरिक खाद्य उत्पादों को प्रोत्साहित कर उन्हें गुणवत्तापूर्ण एवं आकर्षक पैकेजिंग के साथ व्यापक बाजार तक पहुंचाने पर जोर दिया।