लखनऊ। यूपी के मेरठ जिले के थाना जानी क्षेत्र के ढडरा गांव में गुरुवार सुबह एक घटना सामने आई, जहां शिव मंदिर के पुजारी के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सूचना के मुताबिक 8 मई 2026 की सुबह मंदिर में रोजाना की तरह आरती चल रही थी। इसी दौरान गांव निवासी गुरु वचन नामक व्यक्ति मंदिर परिसर के पास पहुंचा और पुजारी से रास्ते से हटने के लिए कहने लगा। बताया जा रहा है कि पुजारी ने शांति से उसे दूसरे रास्ते से आने की सलाह दी, लेकिन यह बात आरोपी को नागवार गुजर गई। आरोप है कि इसी बात को लेकर गुरु वचन ने पहले पुजारी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोपी ने पुजारी पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मंदिर परिसर में मौजूद लोगों और ग्रामीणों ने तुरंत घायल पुजारी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार पुजारी के सिर में गहरी चोट आई है। घटना की सूचना मिलते ही थाना जानी पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। घायल पुजारी की ओर से आरोपी के खिलाफ जानी थाने में तहरीर दी गई है।
थाना अध्यक्ष गौरव बिश्नोई ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव के लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक स्थल पर इस तरह की घटना बेहद निंदनीय है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए। साथ ही ग्रामीणों ने उत्तर प्रदेश सरकार और प्रशासन से पुजारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की है।
ग्रामीणों का कहना है कि मंदिरों में पूजा-अर्चना करने वाले पुजारियों के साथ इस प्रकार की हिंसक घटनाएं समाज में गलत संदेश देती हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
दबंगों ने शिव मन्दिर के पुजारी पर जानलेवा हमला करके किया लहूलुहान हड़कंप
Attack की और खबरें
घाघरा में मजदूर को मगरमच्छ ने दबोचा साथी ने हथौड़े से बचाई जान
1 day ago
पुरानी रंजिश में युवक से मारपीटकर दी जानमाल की धमकी दर्ज हुई एफआईआर
2 months ago
खेलते समय सांड के हमले से नाबालिग बालक की दर्दनाक मौत कोहराम
2 months ago📰