न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ जयपुर के विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार शाम को एक ऑक्सीजन सिलेंडर प्लांट में धमाके से दो व्यक्तियों की मौत हो गई. विश्वकर्मा पुलिस स्टेशन के एसएचओ रविंद्र नरुका ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "हमें (शनिवार) शाम करीब 7:50 बजे एक ऑक्सीजन बॉटलिंग प्लांट में धमाके की जानकारी मिली थी. हम तुरंत मौक़े पर पहुंचे." "वहां काम करने वाले दो व्यक्ति घायल थे, उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई. एक व्यक्ति की मौक़े पर ही मौत हो गई थी." एसएचओ ने बताया कि एफ़एसएल टीमें हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं. कांग्रेस नेता नवजोत कौर सिद्धू ने शनिवार को पार्टी छोड़ने की घोषणा की. उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर इसकी जानकारी देते हुए आरोप लगाया कि 'कांग्रेस में किसी भी भरोसेमंद नेता की बात नहीं सुनी जाती'. उन्होंने कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग पर भी निशाना साधते हुए उन पर पार्टी संगठन को 'नुकसान पहुंचाने' का आरोप लगाया है. नवजोत कौर सिद्धू ने वडिंग को 'अब तक का सबसे नाकाब़िल और भ्रष्ट अध्यक्ष' बताते हुए एक्स पर पोस्ट किया, "मेरे पास आपके (अमरिंदर सिंह राजा वडिंग) ख़िलाफ़ काफ़ी सबूत हैं, लेकिन मुझे इसमें कोई दिलचस्पी नहीं है क्योंकि मैंने खु़द कांग्रेस छोड़ दी है जहां किसी भी भरोसे वाले नेता की बात नहीं सुनी जाती." इसके बाद किए एक पोस्ट में उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ़ करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी निशाना साधा. वहीं एक और पोस्ट में नवजोत कौर सिद्धू ने लिखा, "मैं शायद उन बहुत कम लोगों में से एक हूं जो राजनीतिक कारणों से किसी बीजेपी या आम आदमी पार्टी या किसी दूसरी पार्टी के नेता से नहीं मिली हूं और न ही किसी पार्टी के किसी व्यक्ति ने मुझसे संपर्क किया है." "मैं बस पंजाब के लोगों की सेवा करना चाहती हूं, जो मैं एक एनजीओ बनाकर कर सकती हूं." इमेज स्रोत, Anadolu via Getty Images ग़ज़ा पट्टी में शनिवार को इसराइली हवाई हमलों में कम से कम 32 लोगों की मौत हुई है. ग़ज़ा के स्थानीय प्रशासन ने इसकी जानकारी दी है. हमास की सिविल डिफ़ेंस एजेंसी का कहना है कि मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. एजेंसी ने ये भी कहा है कि ख़ान यूनिस के दक्षिणी इलाके में विस्थापित लोगों के टेंट पर हेलिकॉप्टर से हमला किया गया. फ़लस्तीनियों ने इन हमलों को संघर्ष विराम का दूसरा चरण लागू होने के बाद से सबसे भारी हमला बताया है, जो इस महीने की शुरुआत में लागू हुआ था. इसराइली सेना ने इस बात की पुष्टि की है कि शुक्रवार को 'हमास की ओर से संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन' किए जाने के जवाब में कई हमले किए गए हैं. इसराइल और हमास दोनों ने एक-दूसरे पर संघर्ष विराम के उल्लंघन का आरोप लगाया है. इसराइल और हमास के बीच संघर्ष की शुरुआत सात अक्तूबर 2023 को हुई, जब हमास के लड़ाकों ने इसराइल में हमला किया था. इन हमलों में करीब 1200 लोग मारे गए थे और हमास ने 251 लोगों को बंधक बना लिया था. हमास के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार उसके बाद से ग़ज़ा में इसराइल की ओर से चलाए गए सैन्य अभियान में 71,660 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. हमास के स्वास्थ्य विभाग का ये भी कहना है कि 10 अक्तूबर 2025 को संघर्ष विराम लागू होने के बाद से कम से कम 509 फ़लस्तीनी मारे गए हैं. वहीं चार इसराइली सैनिकों की भी मौत हुई है. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने कहा है कि एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को दोषी यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन के साथ अपने संबंधों के बारे में अमेरिकी कांग्रेस के सामने गवाही देनी चाहिए. उन्होंने पत्रकारों से कहा, "गवाही देने के मामले में, मैंने हमेशा कहा है कि जिसके पास भी जानकारी है, उसे वह जानकारी देने के लिए तैयार रहना चाहिए." उन्होंने कहा, "अगर आप ऐसा करने के लिए तैयार नहीं हैं, तो आप सर्वाइवर्स पर ध्यान नहीं दे सकते. एपस्टीन के सर्वाइवर्स को पहली प्राथमिकता देनी होगी." पीएम की यह टिप्पणी एपस्टीन से जुड़ी नई फ़ाइलें जारी होने के बाद आई है, जिसमें ऐसी तस्वीरें शामिल हैं जिनमें माउंटबेटन-विंडसर ज़मीन पर लेटी एक महिला के ऊपर घुटनों के बल बैठे दिख रहे हैं. अमेरिकी कांग्रेस में डेमोक्रेट्स ने नवंबर में एपस्टीन जांच के हिस्से के तौर पर माउंटबेटन-विंडसर से सवालों के जवाब देने के लिए कहा था. उस समय, स्टार्मर ने इसे माउंटबेटन-विंडसर के लिए "व्यक्तिगत रूप से" विचार करने का मामला बताया था. बीबीसी न्यूज़ ने टिप्पणी के लिए पूर्व प्रिंस से संपर्क किया है. उन्होंने बार-बार किसी भी ग़लत काम से इनकार किया है. यहां पढ़ें- जेफ़री एपस्टीन से जुड़ी नई फ़ाइल्स ने पूर्व प्रिंस के लिए मुश्किलें और क्यों बढ़ा दी हैं? बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें. - एपस्टीन फ़ाइल्स में पीएम मोदी से जुड़े दावों पर विदेश मंत्रालय का बयान, वहीं कांग्रेस ने उठाए सवाल - जेफ़री एपस्टीन से जुड़ी नई फ़ाइल्स ने पूर्व प्रिंस के लिए मुश्किलें और क्यों बढ़ा दी हैं? - सुनेत्रा पवार बनीं महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम, बहुमत के बावजूद बीजेपी ने ऐसा क्यों किया?
स्रोत: BBC Hindi