भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर के घर पर सोमवार को रखे गए एक समारोह में भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने दोनों देशों के बीच हुए मैच और टैरिफ़ को लेकर एक मज़ाक किया. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुए भारत-अमेरिका मुक़ाबले का ज़िक्र करते हुए पीयूष गोयल ने कहा, "अमेरिका ने भले ही (भारत के ख़िलाफ़) मैच नहीं जीता हो, लेकिन एक ऐसे देश के लिए जिसने कुछ साल पहले ही में क्रिकेट खेलना शुरू किया है, उनका प्रदर्शन शानदार था." उन्होंने कहा, "सर्जियो भी वहां मैच का आनंद लेने के लिए मौजूद थे...उन्होंने (सर्जियो गोर ने) एक अहम फ़ैक्ट बताया कि अमेरिका मैच 18 परसेंट से हार गया." पीयूष गोयल ने आगे कहा कि 'अगर आपने रेसिप्रोकल टैरिफ़ ज़ीरो कर दिया होता, तो शायद आप मैच जीत जाते', उनके ये कहते ही वहां मौजूद लोग हंसने लगे. शनिवार, 7 फ़रवरी को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के अपने पहले मुक़ाबले में भारत ने अमेरिका को 29 रन से मात दी. भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते अमेरिका के सामने जीत के लिए 20 ओवर में 162 रन का लक्ष्य रखा था. लेकिन अमेरिका की टीम 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 132 रन ही बना पाई थी. बांग्लादेश में 12 फरवरी को संसदीय चुनाव होने वाले हैं. इन चुनावों में एक अहम दावेदार जमात-ए-इस्लामी भी है. जमात, जिस पर शेख़ हसीना ने चुनाव लड़ने से प्रतिबंध लगाया था, अपनी विचारधाराओं की वजह से दुनिया और भारत का ध्यान आकर्षित कर रही है. पड़ोसी देश के इन चुनावों में जमात की तक़दीर क्या होगी, इस पर भारत नज़र रख रहा है. अगर बांग्लादेश में जमात-ए-इस्लामी सत्ता में आती है, तो उसका बांग्लादेश के समाज और राजनीति पर क्या असर पड़ेगा? देखिए इशाद्रिता लाहिड़ी और देबलिन रॉय की ग्राउंड रिपोर्ट. टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का पहले भारत के ख़िलाफ़ मैच बहिष्कार करने की घोषणा और फ़िर खेलने के लिए राज़ी होने के पूरे घटनाक्रम को विराट कोहली के पूर्व कोच राज कुमार शर्मा ने 'ड्रामा' बताया है. न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में राज कुमार शर्मा ने कहा, "ये ड्रामा ही था पाकिस्तान का, जो वो हमेशा से करता आया है. बांग्लादेश को उन्होंने सपोर्ट करके उनको बाहर (टी20 वर्ल्ड कप से) करा दिया." "अब उनको एहसास हुआ कि अगर वो भारत के साथ नहीं खेलेंगे तो उनका कितना नुक़सान होगा. तो ये अपेक्षित है, पाकिस्तान से ऐसी चीज़ें, जो उन्होंने इस बार भी किया." पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को 15 फ़रवरी को भारत के ख़िलाफ़ टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने की अनुमति दे दी है. उन्होंने कहा है कि यह फ़ैसला मित्र देशों के अनुरोध पर लिया गया है. यहां पढ़ें- पीसीबी और आईसीसी की बैठक में ऐसा क्या हुआ कि पाकिस्तान ने भारत के ख़िलाफ़ मैच के बायकॉट का फ़ैसला बदला? अमेरिका ने बांग्लादेश पर लगाए गए टैरिफ़ की दर घटाकर 19 प्रतिशत कर दी है. सोमवार, 9 फ़रवरी को दोनों देशों के बीच एक व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए गए. व्हाइट हाउस की ओर से जारी दोनों देशों के संयुक्त बयान में कहा गया, "अमेरिका और बांग्लादेश ने अपने द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को मज़बूत करने के लिए रेसिप्रोकल ट्रेड (एग्रीमेंट) पर सहमति जताई है." संयुक्त बयान में समझौते की मुख्य शर्तें बताई गई हैं. इसमें कहा गया है, "अमेरिका बांग्लादेश के सामानों पर टैरिफ़ दर को घटाकर 19 प्रतिशत करेगा, और ऐसे उत्पादों की पहचान करेगा जिन पर ज़ीरो प्रतिशत टैरिफ़ लगेगा." रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक़ बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने कहा कि अमेरिका ने "बांग्लादेश में अमेरिकी कपास और मानव निर्मित फ़ाइबर के इस्तेमाल से बनाए गए कुछ टेक्सटाइल और कपड़ों के सामान पर ज़ीरो रेसिप्रोकल टैरिफ़ के लिए एक तंत्र स्थापित करने का वादा किया है." बयान में ये भी बताया गया है कि बांग्लादेश अमेरिका के औद्योगिक और कृषि सामानों को अपने बाज़ारों में अहमियत देने के लिए प्रतिबद्ध है. इसमें केमिकल, मेडिकल डिवाइस, मशीनरी और मोटर वाहन और उसके पार्ट्स, सूचना और संचार प्रौद्योगिकी के उपकरण, ऊर्जा उत्पाद, सोया उत्पाद, डेयरी उत्पाद, बीफ़, पोल्ट्री, मेवे और फल शामिल हैं. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले साल बांग्लादेश पर 37 प्रतिशत टैरिफ़ का एलान किया था, फिर अगस्त में इसे घटाकर 20 प्रतिशत कर दिया गया था. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें. - टी-20 वर्ल्ड कप: पहले इनकार, अब पाकिस्तान भारत से मैच खेलने को तैयार - हिमंत बिस्वा सरमा वीडियो विवाद: बीजेपी ने पोस्ट क्यों हटाई और इसके राजनीतिक मायने क्या हैं? - 'दिल्ली नहीं, ढाका': क्या बांग्लादेश की युवा पीढ़ी में भारत विरोधी भावना बढ़ रही है?
स्रोत: BBC Hindi