आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के 27वें मुकाबले में 176 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही है. पाकिस्तान के ओपनर साहिबज़ादा फ़रहान पहले ओवर की चौथी गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए. उनका विकेट हार्दिक पंड्या ने लिया. भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 175 रन बनाए. भारत के लिए ईशान किशन ने सबसे ज़्यादा 77 रन की पारी खेली. वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 रन का योगदान दिया. सईम अयूब ने चार ओवर में 25 रन देकर भारत के तीन बल्लेबाज़ों को पवेलियन वापस भेजा. आखिरी ओवर्स में पाकिस्तान ने अच्छी वापसी की. पाकिस्तान के चर्चित स्पिनर उस्मान तारिक ने चार ओवर में 24 रन देकर एक विकेट लिया. उस्मान तारिक ने कप्तान सूर्यकुमार यादव को आउट किया. मैच का ताजा स्कोर आप इस लिंक पर क्लिक करके देख सकते हैं हालांकि 15वें ओवर के दौरान तब खासा रोमांच देखने को मिला जब सईम अयूब हैट्रिक पर पहुंच गए थे. 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर सईम ने तिलक का विकेट लिया, जबकि तीसरी गेंद पर उन्होंने हार्दिक पंड्या को खाता खोलने का मौका दिए बिना पवेलियन वापस भेज दिया. लेकिन शिवम दुबे ने 15वें ओवर की चौथी गेंद को डिफेंड कर सईम अयूब की हैट्रिक पूरी नहीं होने दी. भारत को तेज़-तर्रार शुरुआत दिलाने के बाद ओपनर ईशान किशन 77 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने 40 गेंद में ये पारी खेली. उनकी पारी में 10 चौके और तीन छक्के शामिल हैं. सईम अयूब ने किशन का विकेट भी लिया. वहीं पहले ओवर में ही भारत के ओपनर अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन वापस लौट गए. कप्तान सलमान आगा सरप्राइज़ देते हुए पहला ओवर खुद डालने के लिए आए और ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने अभिषेक शर्मा का विकेट लिया. ग्रुप ए का यह मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जा रहा है. पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. पाकिस्तान की टीम में इस मुकाबले के लिए कोई बदलाव नहीं हुआ है. लेकिन भारत ने दो बदलाव किए हैं. अभिषेक शर्मा की वापसी हुई है. संजू सैमसन इस मैच में नहीं खेल रहे हैं. वहीं अर्शदीप सिंह के स्थान पर कुलदीप यादव खेल रहे हैं. हालांकि एशिया कप से शुरू हुआ दोनों टीमों के कप्तान के हाथ नहीं मिलाने का सिलसिला यहां भी जारी रहा. टॉस के बाद सलमान आगा और सूर्यकुमार यादव एक-दूसरे को अनदेखा करके पवेलियन की ओर लौट गए. टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान का आठ बार आमना-सामना हुआ है. इनमें से भारत को सात मैच में जीत मिली है, जबकि पाकिस्तान सिर्फ एक ही मैच में जीत दर्ज कर पाया है. भारत: ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह पाकिस्तान: साहिबज़ादा फ़रहान (विकेटकीपर), सईम अयूब, सलमान अली आग़ा (कप्तान), बाबर आज़म, शादाब ख़ान, उस्मान ख़ान, मोहम्मद नवाज़, फ़हीम अशरफ़, शाहीन शाह अफ़रीदी, उस्मान तारिक़, अबरार अहमद टूर्नामेंट में अभी तक भारत और पाकिस्तान की टीमों ने दो-दो मैच खेले हैं. दोनों टीमें अपने शुरुआती मैच जीतने में कामयाब रही हैं. बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
स्रोत: BBC Hindi