असम में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने रविवार (15 मार्च, 2026) को असम समेत देश के पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है. केंद्रीय चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने तारीखों की घोषणा करते हुए कहा कि असम में 9 अप्रैल से विधानसभा के लिए चुनाव होंगे.
जानें क्या है असम विधानसभा चुनाव का पूरा शेड्यूल?
केंद्रीय चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने दिल्ली के विज्ञान भवन में चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पांचों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चुनाव की तारीखों की घोषणा की. उन्होंने कहा कि असम में चुनाव के लिए नोटिफिकेशन सोमवार (16 मार्च, 2026) को जारी किया जाएगा. इसके बाद 23 मार्च, 2026 तक चुनाव के लिए नॉमिनेशन भरे जाएंगे. 24 मार्च, 2026 को नॉमिनेशन्स की स्क्रूटनी की जाएगी.
स्क्रूटनी के बाद अगर किसी उम्मीदवार को अपना नाम चुनाव से वापस लेना हो, तो वे गुरुवार (26 मार्च, 2026) तक ले सकते हैं. इसके बाद गुरुवार (9 अप्रैल, 2026) को असम में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग की जाएगी. इसके बाद 4 मई, 2026 को असम चुनाव में पड़े वोटों की गिनती और चुनाव के नतीजों की घोषणा की जाएगी.
SIR के बाद असम के वोटर लिस्ट में कुल कितने वोटर मौजूद?
असम में विधानसभा चुनाव के तारीखों की घोषणा से पहले चुनाव आयोग ने राज्य के वोटर लिस्ट की शुद्धिकरण के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया चलाई. इस प्रक्रिया के तहत चुनाव आयोग ने असम के निवासियों के घर-घर जाकर सर्वे किया और राज्य के वास्तविक निवासियों और फर्जी मतदाताओं की पहचान की.
इस पूरे प्रक्रिया के बाद चुनाव आयोग ने असम के आखिरी मतदाता सूची जारी की. असम की अंतिम मतदाता सूची में SIR के बाद करीब ढाई करोड़ मतदाताओं को नामों की पुष्टि हुई. जिसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या करीब 1.25 करोड़ और महिला मतदाताओं की संख्या भी करीब 1.25 करोड़ है. जबकि राज्य में थर्ड जेंडर के लोगों की संख्या 343 है.
स्रोत: ABP Hindi