इमेज स्रोत, Nicolo Filippo Rosso/Bloomberg via Getty Images अमेरिका-इसराइल और ईरान की जंग के बीच एशिया में सोमवार को बाज़ार खुलते ही एक बार तेल की कीमतें बढ़कर 115 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर चली गईं. बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 115.84 डॉलर तक पहुंच गई, इसमें 2.9% की बढ़ोतरी देखने को मिली है. पिछले हफ़्ते 19 मार्च को तेल की कीमत 118 डॉलर प्रति बैरल तक पहुँच गई थी, हालांकि शुक्रवार दोपहर तक तक इनमें कुछ गिरावट देखने को मिली. दरअसल, यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोही भी इस जंग में शामिल हो गए हैं. अमेरिका ने मध्य पूर्व में और ज़्यादा सैन्य बल भेजे हैं. माना जा रहा है कि युद्ध लंबा खिंच सकता है, इन वजहों से तेल की कीमतों में वृद्धि हुई है. इमेज स्रोत, Stringer/Anadolu via Getty Images कुवैत के बिजली और जल मंत्रालय ने जानकारी दी है कि एक पावर और डीसेलिनेशन प्लांट पर ईरान की ओर से हमला हुआ है. इस हमले में एक भारतीय कामगार की मौत हो गई. मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर जारी किए गए बयान में बताया, "हमले से प्लांट को काफ़ी नुक़सान हुआ है. तकनीकी टीमें काम कर रही हैं ताकि ज़रूरी सेवाएं लगातार चलती रहें." मंत्रालय की आधिकारिक प्रवक्ता इंजीनियर फ़ातिमा अब्बास जोहर हाइता ने रविवार शाम को बताया कि इमारत को कोई बड़ा नुक़सान नहीं हुआ है. उन्होंने कहा, "बिजली और पानी की व्यवस्था की सुरक्षा और स्थिरता हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. सभी तकनीकी हिस्से चौबीसों घंटे पूरी क्षमता से काम कर रहे हैं ताकि सेवाएं बिना रुके चलती रहें." इमेज स्रोत, Sameera Peiris-ICC/ICC via Getty Images पाकिस्तान सुपर लीग में लाहौर कलंदर्स टीम के खिलाड़ी पर बॉल टेंपरिंग का आरोप लगा है. इसके लिए टीम को कराची किंग्स से मुक़ाबले के दौरान पांच रनों की पेनल्टी लगाई गई. बाद में लाहौर कलंदर्स मैच भी हार गई. दरअसल, अंपायरों ने पाया कि आख़िरी ओवर से ठीक पहले लाहौर कलंदर्स के खिलाड़ी फ़ख़र ज़मां ने 'ग़लत तरीक़े से गेंद की हालत बदलने की कोशिश की.' आख़िरी ओवर में जीत के लिए किंग्स को 14 रनों की ज़रूरत थी. अंपायरों ने टेंपरिंग के आरोप में कलंदर्स पर 5 रनों की पेनल्टी लगाई. साथ ही कराची किंग्स की मांग पर गेंद को भी बदला गया. इसके बाद कराची किंग्स को जीत के लिए छह गेंदों पर 9 रन बनाने थे. जो उसने तीन गेंदों में ही बना लिए और जीत हासिल की. फ़ख़र ज़मां ने मैच के तुरंत बाद हुई सुनवाई में गेंद से छेड़छाड़ करने के आरोप से इनकार किया. सुनवाई सोमवार तक टाल दी गई है. क्रिकेट के नियम खिलाड़ियों को गेंद के साथ छेड़छाड़ की इजाज़त नहीं देते. नियम 41.3.2 कहता है कि किसी भी खिलाड़ी के लिए गेंद के साथ छेड़छाड़ अपराध है. खिलाड़ी गेंद को चमकाने का प्रयास कर सकते हैं, लेकिन उसके साथ किसी और तरह की छेड़छाड़ नहीं कर सकते. कलंदर्स के कप्तान शाहीन अफ़रीदी ने कहा, "मुझे इसके बारे में कुछ नहीं पता. हम देखेंगे कि कैमरे में क्या है. फिर बात करेंगे." इमेज स्रोत, Lev Radin/Pacific Press/LightRocket via Getty Images पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने कहा है कि ईरान और अमेरिका दोनों ने पाकिस्तान पर भरोसा जताया है कि वह बातचीत में मदद कर सकता है. इसहाक़ डार ने कहा, "पाकिस्तान आने वाले दिनों में दोनों देशों के बीच ख़ुशी से अहम बातचीत की मेज़बानी और मदद करेगा." हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया कि ईरान या अमेरिका ने शांति वार्ता में शामिल होने की पुष्टि की है या नहीं. विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने यह बातें इस्लामाबाद में पाकिस्तान, सऊदी अरब, तुर्की और मिस्र के विदेश मंत्रियों के साथ हुई बैठक के बाद कही हैं. इसहाक़ डार के मुताबिक़, उन्होंने तीनों देशों के विदेश मंत्रियों से क्षेत्र में जंग को जल्दी और हमेशा के लिए ख़त्म करने के तरीक़ों पर चर्चा की. उन्होंने तीनों देशों का पाकिस्तान की शांति कोशिशों में साथ देने के लिए शुक्रिया अदा किया. डार ने यह भी बताया कि उन्होंने चीन के विदेश मंत्री वांग यी और संयुक्त राष्ट्र महासचिव से बात की है, दोनों ने शांति पहल का समर्थन किया है. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें. - 'हम रातभर आसमान से गिरती मिसाइलें देखते थे': ईरान से भारत लौटे जहाज़ियों की आपबीती - ज़मीनी हमले की ख़बरों के बीच ईरान बोला- 'अमेरिकी सैनिकों का इंतज़ार ताकि आग बरसाई जाए' - वो 5 वजहें जो पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को दूसरे चुनावी राज्यों से अलग बनाती हैं - जब पाकिस्तान ने करवाई थी अमेरिका और चीन की सीक्रेट मीटिंग
स्रोत: BBC Hindi