भारत के मशहूर फोटोग्राफर रघु राय का रविवार (26 अप्रैल 2026) को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया. वह 83 साल के थे. उनके बेटे नितिन राय ने बताया कि वह पिछले दो साल से कैंसर से लड़ रहे थे. नितिन राय के अनुसार, उन्हें पहले प्रोस्टेट कैंसर हुआ था, जिसका इलाज हो गया था. इसके बाद कैंसर पेट तक फैल गया, लेकिन वहां भी इलाज सफल रहा. हाल ही में यह बीमारी उनके दिमाग तक पहुंच गई थी और उम्र से जुड़ी परेशानियों की वजह से उनकी हालत और बिगड़ गई.
रघु राय का जन्म साल 1942 में पंजाब के झंग में हुआ था, जो अब पाकिस्तान में है. उन्होंने फोटोग्राफी की शुरुआत अपने बड़े भाई एस पॉल से सीखी और धीरे-धीरे इस क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1960 के दशक में की और 1965 में ‘द स्टेट्समैन’ अखबार में फोटोग्राफर के रूप में काम शुरू किया. यहां उन्होंने कई बड़े राष्ट्रीय घटनाओं को कैमरे में कैद किया. 1968 में वह महर्षि महेश योगी के आश्रम भी गए थे, जब वहां ब्रिटिश बैंड ‘बीटल्स’ मौजूद था. रघु राय की चर्चित तस्वीरों में से एक भोपाल गैस त्रासदी के बाद की तस्वीर है, जिसमें एक मासूम बच्चे का निर्जीव शरीर दिखता है. उनकी ये तस्वीर पूरी दुनिया में चर्चा का केंद्र बनी.
स्रोत: ABP Hindi