पश्चिम बंगाल में होने वाले दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव के दो दिन पहले सोमवार (27 अप्रैल, 2026) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की जनता के नाम संदेश दिया है. पीएम मोदी ने हिंदी और बंगाली भाषा में ऑडियो संदेश के माध्यम से बंगाल को लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं. उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि बुधवार (29 अप्रैल, 2026) को पश्चिम बंगाल की जनता मतदान का एक नया रिकॉर्ड बनाएगी.
इसके साथ ही उन्होंने लोगों से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लिए समर्थन की मांग करते हुए कहा कि बंगाल के मेरे परिवारजनों लोकतंत्र के महोत्सव में बीजेपी की विजय का ध्वज फहराने का सुनहरा अवसर आपके सामने है. मुझे विश्वास है कि 29 अप्रैल को आप मतदान का नया रिकॉर्ड बनाएंगे.
बंगाल की जनता से क्या बोले पीएम मोदी?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘लोकतंत्र का हर महोत्सव बहुत ही पवित्र होता है, मुझे भी बंगाल के इस उत्सव में हिस्सा लेने का मौका मिला है. बीते दिनों मुझे आप सभी के सामने बंगाल के विकास को लेकर, बंगाल के उज्जवल भविष्य को लेकर, बंगाल की युवा पीढ़ी के उज्जवल भविष्य को लेकर भाजपा का जो रोडमैप है, उस रोडमैप को रेखांकित करने का आप सब के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिला है.’
उन्होंने कहा, ‘आज शाम 5 बजे बंगाल में चुनाव प्रचार खत्म हो रहा है. इस चुनाव की मेरी आखिरी रैली भी हो चुकी है. मैं अब इस पत्र के माध्यम से बंगाल के अपने हर परिवारजन को आभार व्यक्त करना चाहता ही हूं, लेकिन अपनी भावनाएं भी व्यक्त कर रहा हूं.’
बंगाल के चुनाव अभियान में मुझे जरा भी थकान नहीं हुईः पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, ‘इन चुनाव के दौरान मैंने बंगाल में एक अलग की ऊर्जा की अनुभूति की है. इतनी गर्मी के बावजूद, इतनी रैलियों के बाद भी मुझे बंगाल के इस चुनाव अभियान में जरा भी थकान महसूस नहीं हुई. ये रैलियां, ये रोड शो, मैं अनुभव करता था जैसे मेरी एक तीर्थ यात्रा हो रही है. मैं मां काली के भक्तों के बीच जाता था, तो संभवतः मां काली भी मुझे निरंतर नई ऊर्जा से भरती जा रही थीं.’
पश्चिम बंगाल के मेरे परिवारजनो, लोकतंत्र के महोत्सव में बीजेपी की विजय का ध्वज फहराने का सुनहरा अवसर आपके सामने है। मुझे विश्वास है कि 29 अप्रैल को आप मतदान का नया रिकॉर्ड बनाएंगे। इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर मैंने ऑडियो संदेश के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं… pic.twitter.com/17Afzc7Hsy
— Narendra Modi (@narendramodi) April 27, 2026
उन्होंने कहा, ‘जब जनवरी 2024 में अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन हुआ था. उससे पहले मैंने श्रद्धापूर्वक 11 दिनों का अनुष्ठान किया था, व्रत किया था. मुझे अनुभव होता है कि उस समय प्रभु श्री राम ने मुझे असीम ऊर्जा से भर दिया था. इस चुनाव में भी मुझे वही अनुभूति हुई, जैसी किसी देवी-देवता के मंदिर में दर्शन के समय होती है. ईश्वर रुपी जनता-जनार्दन के दर्शन से मुझमें नव ऊर्जा का संचार हुआ है.’
स्रोत: ABP Hindi