Regd. UDYAM-UP-31-0004031
प्रदेश के तेजी से उभरते हुए जनसंवाद समाचार न्यूज चैनल व न्यूज पोर्टल पर अपने व्यवसाय व शिक्षण संस्थान के तेजी से आगे बढ़ोत्तरी के लिए प्रचार प्रसार कराकर लाभ प्राप्त करने के लिए सम्पर्क करें। सम्पर्क सूत्र 9506980980

सिम के साथ पेट्रोल फ्री! कहां मिल रहा ये ऑफर, देखते ही उमड़ पड़ी भयंकर भीड़

आज के दौर में जहां पेट्रोल की कीमतें लोगों की जेब पर भारी पड़ रही हैं, वहीं तेलंगाना के एक छोटे से कस्बे से ऐसा अजीबो-गरीब ऑफर सामने आया है, जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. जिले के दम्मापेट मंडल केंद्र में एयरटेल कर्मचारियों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए एक अनोखी योजना शुरू की है सिम खरीदो और पेट्रोल मुफ्त पाओ.

बताया जा रहा है कि इलाके में चल रही पेट्रोल की कमी को देखते हुए एयरटेल स्टाफ ने यह क्रिएटिव ऑफर निकाला है. ऑफर के मुताबिक, अगर कोई ग्राहक अपना नंबर एयरटेल नेटवर्क में पोर्ट कराकर ₹350 का रिचार्ज करता है, तो उसे एक लीटर पेट्रोल मुफ्त दिया जाएगा. बस, फिर क्या था लोगों की भीड़ सिम लेने के लिए उमड़ पड़ी.

'अब पेट्रोल के हिसाब से सिम चुनेंगे'
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले कभी ऐसा ऑफर नहीं देखा गया. कई लोग तो मजाक में कह रहे हैं कि अब नेटवर्क नहीं, पेट्रोल के हिसाब से सिम चुनेंगे. वहीं कुछ लोग इसे स्मार्ट मार्केटिंग बता रहे हैं, तो कुछ इसे जरूरत का फायदा उठाना भी कह रहे हैं.

दम्मापेट के पेट्रोल पंपों पर हाल के दिनों में आपूर्ति में कमी की खबरें सामने आई थीं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. ऐसे में यह ऑफर लोगों के लिए राहत जैसा भी नजर आ रहा है, भले ही इसके पीछे का उद्देश्य व्यावसायिक ही क्यों न हो.

ऑफर को लेकर उठ रहे सवाल 
हालांकि, इस ऑफर को लेकर कुछ सवाल भी उठ रहे हैं. क्या यह आधिकारिक कंपनी स्कीम है या स्थानीय स्तर पर किया गया प्रमोशनल स्टंट? क्या यह नियमों के अनुरूप है? इस पर अभी तक एयरटेल की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

स्रोत: ABP Hindi