असम में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने लगातार तीसरी बार विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की है. विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए पर्यवेक्षक के तौर पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को गुवाहाटी पहुंचे. इस बीच असम विधानसभा अध्यक्ष बिस्वजीत दैमारी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, "रविवार को एनडीए की बैठक है और उससे पहले सभी बीजेपी विधायक यहां पहुंचेंगे. इस चर्चा के बाद सब कुछ तय हो जाएगा." स्पीकर दैमारी ने बताया, "शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को होगा." गौरतलब है कि असम में बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन को 102 सीटें मिली हैं, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 21 सीटें जीती हैं. हालांकि, अभी यह तय नहीं है कि बीजेपी हिमंत बिस्वा सरमा को फिर से सीएम बनाएगी या कोई बदलाव होगा. संबंधित कहानी: हिमंत बिस्वा सरमा फिर सत्ता की ओर, असम में सियासी दिग्गजों को कैसे छोड़ा पीछे इमेज स्रोत, Ramil Sitdikov / POOL / AFP via Getty Images रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उम्मीद जताई है कि ईरान के साथ चल रहा संघर्ष जल्द ख़त्म होगा, लेकिन साथ ही कहा है कि ऐसा नहीं हुआ तो सभी पक्षों को नुक़सान होगा. बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, व्लादिमीर पुतिन ने शनिवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "यह बहुत जटिल संघर्ष है और हमें मुश्किल स्थिति में डाल दिया है, क्योंकि ईरान और फ़ारस की खाड़ी के देशों से हमारे दोस्ताना रिश्ते हैं." ईरान और अमेरिका से चल रही बातचीत का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा, "मेरे विचार में किसी भी पक्ष की इस संघर्ष को आगे बढ़ाने में दिलचस्पी नहीं है." हाल ही में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने भी रूस की यात्रा के दौरान राष्ट्रपति पुतिन से मुलाक़ात की थी. रूस पहले भी सभी पक्षों से शांति स्थापित करने की अपील करता रहा है. रूस यह भी कह चुका है कि वह ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थता करने के लिए तैयार है. इमेज स्रोत, JEWEL SAMAD/AFP via Getty Images पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वा में एक चरमपंथी हमले में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है. समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, बन्नू शहर के बाहरी इलाक़े में बनी एक पुलिस चौकी से विस्फोटकों से भरी गाड़ी टकराई. इसके बाद धमाका हुआ और तीन पुलिस वालों की मौत हो गई. सुरक्षा अधिकारियों ने बताया, "जब और पुलिसकर्मी मदद के लिए मौक़े पर पहुँचे तो उन पर भी घात लगाकर हमला किया गया." पुलिस अधिकारी सज्जाद ख़ान ने कहा, "चौकी पर तैनात 15 पुलिसकर्मियों में से ज़्यादातर के मारे जाने की आशंका है और चौकी पूरी तरह तबाह हो गई है." एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा, "आतंकियों ने पहले विस्फोटक से भरी कार से चौकी पर हमला किया, फिर अंदर घुसकर पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी की." उन्होंने नाम न बताने की शर्त पर कहा, "अन्य सुरक्षा बलों को मदद के लिए भेजा गया, लेकिन आतंकियों ने उन पर भी घात लगाकर हमला किया और कुछ हताहत भी हुए." इस हमले की ज़िम्मेदारी इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन नाम के चरमपंथी संगठन ने ली है. इमेज स्रोत, Anshuman Poyrekar/Hindustan Times via Getty Images राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी- शरदचंद्र पवार (एनसीपी-एसपी) की नेता और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने बताया कि उनकी गाड़ी का शनिवार को पुणे-मुंबई हाईवे पर एक्सीडेंट हो गया. सुप्रिया सुले ने एक्स पर लिखा, "पुणे से मुंबई जाते समय हाईवे पर बहुत ख़राब अनुभव रहा. एक गाड़ी ने मेरी कार के बगल में टक्कर मार दी. शुक्र है कि सब लोग सुरक्षित हैं." उन्होंने लिखा, "ऐसी घटनाएं हमें यह याद दिलाती हैं कि तेज़ रफ़्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाना कितनी ज़िंदगियों को ख़तरे में डाल सकता है. मैं सभी से अपील करती हूं कि सीट बेल्ट लगाएं, सतर्क रहें और ज़िम्मेदारी से गाड़ी चलाएं ताकि हाईवे सबके लिए सुरक्षित रहे." बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. - विजय बनेंगे तमिलनाडु के सीएम, 13 मई तक पेश करना होगा विश्वास प्रस्ताव - शुभेंदु अधिकारी: पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के आगे होंगी ये बड़ी चुनौतियाँ - अग्निमित्रा पॉल के बारे में जानिए, जिन्होंने पश्चिम बंगाल में ली है मंत्री पद की शपथ - 'उड़न तश्तरी और रहस्यमय घटनाओं' पर अमेरिका ने पहली बार ख़ुफ़िया दस्तावेज़ किए जारी
स्रोत: BBC Hindi