इमेज स्रोत, Morteza Nikoubazl/NurPhoto via Getty Images अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई न सिर्फ़ ज़िंदा हैं, बल्कि अब पहले से ज़्यादा एक्टिव हैं. मार्को रुबियो ने मंगलवार को सीनेट की विदेशी मामलों की समिति को बताया, "मुझे लगता है कि कुछ संकेत हैं कि वो (मोजतबा ख़ामेनेई) किसी स्तर पर बड़ी भूमिका निभा रहे हैं." ईरानी टीवी के मुताबिक़, मोजतबा ख़ामेनेई को लंबे समय से जनता के बीच नहीं देखा गया है. वो अमेरिका और इसराइल के पहले हमले में घायल हुए थे. उसी हमले में उनके पिता अली ख़ामेनेई की मौत हो गई थी. हालांकि, राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने मई की शुरुआत में दावा किया था कि उन्होंने मोजतबा ख़ामेनेई से मुलाक़ात की है. दोनों की मुलाक़ात का कोई फ़ोटो या वीडियो जारी नहीं हुआ था. लेकिन पेज़ेश्कियान का कहना था कि दोनों के बीच ढाई घंटे तक बातचीत हुई. इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty Images नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने सीयूईटी (यूजी) 2026 के उन अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा 6-7 जून को कराने की जानकारी दी है, जिनकी परीक्षा तकनीकी समस्या के कारण प्रभावित हुई थी. एनटीए ने एक्स हैंडल पर तारीख़ों की घोषणा करते हुए बताया कि आधिकारिक पोर्टल से अपडेटेड एडमिट कार्ड डाउनलोड किए जा सकते हैं. दरअसल, 30 मई को शिफ्ट-1 की परीक्षा के दौरान देश के कई केंद्रों में तकनीकी गड़बड़ी के कारण पेपर समय पर शुरू नहीं हो सका था. इस कारण 3,765 अभ्यर्थियों की परीक्षा छूट गई थी. अब एनटीए इन 3,765 छात्रों को दोबारा परीक्षा देने का एक मौक़ा दे रहा है. संबंधित कहानी: सीयूईटी-यूजी परीक्षा में देरी पर विवाद, एनटीए ने कहा- इन स्टूडेंट्स को मिलेगा दोबारा मौक़ा इमेज स्रोत, Mayank Makhija/NurPhoto via Getty Images केंद्र सरकार ने आईएएस ऑफिसर लोखंडे प्रशांत सीताराम को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) का नया चेयरपर्सन नियुक्त किया है. वरुण भारद्वाज को सचिव बनाया गया है. यह फ़ैसला उस समय आया जब ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) सिस्टम को लेकर विवाद के बीच पुराने पदाधिकारियों को हटा दिया गया. मंगलवार को ही सीबीएसई के चेयरपर्सन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का ट्रांसफ़र कर दिया गया था. न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, नए चेयरपर्सन लोखंडे प्रशांत सीताराम 2001 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी हैं. वह एजीएमयूटी (अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिज़ोरम और केंद्र शासित प्रदेश) कैडर से आते हैं, फ़िलहाल गृह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव हैं. वहीं, वरुण भारद्वाज साल 2008 बैच के भारतीय सूचना सेवा (आईआईएस) अधिकारी हैं. भारद्वाज वर्तमान में शिक्षा मंत्रालय में निदेशक के रूप में कार्यरत हैं. इमेज स्रोत, Roberto Schmidt/Getty Images अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन ख़बरों को झूठ बताया है, जिनमें यह दावा किया गया था कि ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत बंद हो गई है. राष्ट्रपति ट्रंप ने मंगलवार देर रात को कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच लगातार बातचीत हो रही है. हालांकि, उन्होंने कहा कि ये बातचीत कहां जाएगी, यह कोई नहीं जानता. ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, "ऐसी ख़बरें झूठी हैं, जिनमें कहा जा रहा है कि ईरान और अमेरिका ने कुछ दिन पहले बात करना बंद कर दिया. हमारे बीच बातचीत लगातार चल रही है- चार दिन पहले, तीन दिन पहले, दो दिन पहले, एक दिन पहले और आज भी." उन्होंने लिखा, "यह बातचीत कहां जाएगी, कोई नहीं जानता. लेकिन मैंने ईरान से कहा, 'अब समय आ गया है कि किसी भी तरह से एक समझौता करना होगा. तुम जो कर रहे हो, वो 47 साल से चल रहा है और अब इसे जारी नहीं रखा जा सकता'." गौरतलब है कि इससे पहले ईरान की ओर से यह कहा गया था कि लेबनान में जारी हमलों के कारण उन्होंने बातचीत रोक दी. हालांकि, ट्रंप की सलाह के बाद इसराइल ने लेबनान पर हमले रोकने की बात कह दी थी. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. - कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन में शामिल होंगे सोनम वांगचुक, कहा- 'अगर अब नहीं, तो कब?' - बालेन शाह के 'भारतीय क्षेत्रों पर अतिक्रमण वाले बयान' पर अब भारत ने दिया ये जवाब - गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मुस्लिम धर्मगुरुओं की मांग पर क्या बीजेपी असमंजस में है? - केरल में 18 महीने के बच्चे की मौत: शरीर पर 51 चोटें, मां और लिव-इन पार्टनर गिरफ़्तार - क्या इसराइल के कट्टर आलोचक रहे अहमदीनेजाद को ईरान में फिर सत्ता में लाना चाहता था अमेरिका?
स्रोत: BBC Hindi