Regd. UDYAM-UP-31-0004031
प्रदेश के तेजी से उभरते हुए जनसंवाद समाचार न्यूज चैनल व न्यूज पोर्टल पर अपने व्यवसाय व शिक्षण संस्थान के तेजी से आगे बढ़ोत्तरी के लिए प्रचार प्रसार कराकर लाभ प्राप्त करने के लिए सम्पर्क करें। सम्पर्क सूत्र 9506980980

ट्रंप के 20 फ़ीसदी शुल्क वाले बयान पर ईरान ने कहा- बात तो सही कही, लेकिन...

इमेज स्रोत, Elke Scholiers/Getty Images अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजरने वाले कार्गो जहाज़ों पर 20 फीसदी शुल्क लगाने के बयान के बाद ईरान की प्रतिक्रिया सामने आई है. ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची ने ट्रंप के बयान पर कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति की बात सही है, लेकिन 20 फ़ीसदी शुल्क बहुत ज्यादा है. उन्होंने कहा कि ईरान उचित और संतुलित शुल्क वसूलेगा. अब्बास अराग़ची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "अमेरिकी राष्ट्रपति बिल्कुल सही हैं. जो भी कार्गो शिप्स को होर्मुज़ स्ट्रेट से सुरक्षित और आसान रास्ता देगा, उसे इस सेवा के लिए शुल्क मिलना चाहिए." उन्होंने आगे कहा, "ईरान हमेशा से इस स्ट्रेट का रक्षक रहा है और हमेशा रहेगा. 20 फ़ीसदी शुल्क ज्यादा है, हम उचित शुल्क लेंगे." दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ही कहा था कि अमेरिका होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजरने वाले सभी कार्गो जहाज़ों से 20 फ़ीसदी शुल्क वसूलेगा. ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर यह भी दावा किया कि अमेरिका ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी फिर से लागू करेगा. इमेज स्रोत, Mohammed HUWAIS / AFP via Getty Images यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया कि उन्होंने सोमवार को सऊदी अरब के अबहा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाया है. हूती संगठन के मुताबिक़, इस हमले में बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन का इस्तेमाल किया गया. हूती विद्रोहियों ने बताया कि यह कार्रवाई सऊदी अरब की ओर से सना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर किए गए हवाई हमलों के जवाब में की गई है. समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, हूती विद्रोहियों के प्रवक्ता याह्या सारेया ने बयान जारी कर सभी एयरलाइंस को सऊदी हवाई क्षेत्र से दूर रहने की चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि एयरलाइंस को इस चेतावनी को गंभीरता से लेना चाहिए. हूती प्रवक्ता ने कहा कि यह कार्रवाई तब तक जारी रहेगी, जब तक यमन की राजधानी सना स्थित इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लगी पाबंदियां खत्म नहीं हो जातीं. वहीं, सऊदी अरब समर्थित यमनी सरकार के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने सना इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे को निशाना बनाया, ताकि एक ईरानी विमान को वहां उतरने से रोका जा सके. केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भारत-अमेरिका की ट्रेड डील को लेकर आई रॉयटर्स की एक रिपोर्ट को पूरी तरह ख़ारिज किया है. दरअसल, समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि भारत ने अमेरिका के साथ जल्दबाज़ी में कोई भी व्यापार समझौता करने से इनकार कर दिया है और डील में बेहतर शर्तों की उम्मीद कर रहा है. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने एक्स पर इस ख़बर को 'पूरी तरह से झूठी, बेबुनियाद और भ्रामक' बताया है. पीयूष गोयल ने लिखा, "जून में नई दिल्ली दौरे पर आए अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीयर के साथ मेरी शानदार बैठकें हुई थीं. दोनों पक्षों ने एक ऐसे व्यापार समझौते के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, जो संतुलित हो, सार्थक हो और दोनों देशों के कारोबार, किसानों, श्रमिकों और उपभोक्ताओं के लिए लाभ सुनिश्चित करे." उन्होंने आगे लिखा, "हमारी टीमें इस उद्देश्य को हासिल करने के लिए पूरी तरह से सक्रिय हैं." रॉयटर्स की रिपोर्ट को कोट करते हुए भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने एक्स पर लिखा, "फेक न्यूज़ अलर्ट! किसी ने किसी भी प्रस्ताव को ख़ारिज नहीं किया है." उन्होंने लिखा, "दोनों पक्षों के बीच बेहद सकारात्मक बैठकें हुईं और ट्रेड डील को अंतिम रूप देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई गई. हम इस दिशा में लगातार सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं." गौरतलब है कि भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते के फ़्रेमवर्क को लेकर अहम बैठक जून के आख़िर में नई दिल्ली में हुई थी. इमेज स्रोत, Amirhossein KHORGOOEI / ISNA / AFP via Getty Images संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने होर्मुज़ स्ट्रेट में उसके दो तेल टैंकरों पर हुए हमले के लिए ईरान को ज़िम्मेदार ठहराया है. अमीरात और बहरीन के अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हुए हैं. बहरीन के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि मोंबासा और बाहिया नाम के दो तेल टैंकरों को ईरान की ओर से दागी गई दो क्रूज़ मिसाइलों से निशाना बनाया गया. मंत्रालय के मुताबिक़, हमला होर्मुज़ स्ट्रेट के दक्षिणी हिस्से और ओमान के समुद्री क्षेत्र में हुआ. ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने एक बयान जारी कर हमले की ज़िम्मेदारी ली और कहा कि हमले का शिकार हुए जहाज़ नियमों का उल्लंघन कर रहे थे. वहीं, ईरानी सैन्य सूत्रों से जुड़ी समाचार एजेंसियों ने दावा किया है कि 'कई नियमों का उल्लंघन करने वाले जहाज़ों पर हमला किया गया', लेकिन हमले के स्रोत या ज़िम्मेदार पक्ष का कोई उल्लेख नहीं किया गया. इससे पहले, ब्रिटेन की यूके मरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने मंगलवार सुबह ओमान के क़लहात से 40 नौटिकल मील उत्तर-पूर्व में एक समुद्री घटना की जानकारी दी थी. यूकेएमटीओ के अनुसार, एक तेल टैंकर के कप्तान ने बताया कि एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल जहाज़ के इंजन रूम के दाहिने हिस्से से टकराया. संगठन ने कहा कि घटना में सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और जहाज़ पर मौजूद हैं. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. बीबीसी हिन्दी की अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करें. ट्रंप की घोषणा- होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने वाले जहाज़ों से 20 फ़ीसदी शुल्क लेगा अमेरिका 'सतलुज' की कहानी कितनी जसवंत सिंह खालड़ा की और कितनी पंजाब की? 142 साल में पहली बार हुआ ऐसा और भारतीय टीम ने रच डाला इतिहास संतोष दुबे से अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी ने क्या की पूछताछ पाकिस्तान के मुफ़्ती का क्रिप्टोकरेंसी के ख़िलाफ़ फ़तवा, इस एक वजह से बताया हराम

स्रोत: BBC Hindi