Regd. UDYAM-UP-31-0004031
प्रदेश के तेजी से उभरते हुए जनसंवाद समाचार न्यूज चैनल व न्यूज पोर्टल पर अपने व्यवसाय व शिक्षण संस्थान के तेजी से आगे बढ़ोत्तरी के लिए प्रचार प्रसार कराकर लाभ प्राप्त करने के लिए सम्पर्क करें। सम्पर्क सूत्र 9506980980

अभिजीत दीपके ने रांची स्टूडेंट प्रोटेस्ट में हुई पुलिस कार्रवाई पर ये कहा

इमेज स्रोत, Sanjeev Verma/Hindustan Times via Getty Images झारखंड में परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के ख़िलाफ़ अनशन कर रहे देवेंद्र महतो से कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने वीडियो कॉल के ज़रिए बात की. दीपके ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी और देवेंद्र महतो के साथ वीडियो कॉल की तस्वीर भी पोस्ट की. अभिजीत दीपके ने बताया कि देवेंद्र महतो पिछले नौ दिनों से भूख हड़ताल पर हैं. दीपके के मुताबिक़, महतो ने उन्हें बताया कि अस्पताल ले जाने से पहले पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया, जिसमें उन्हें चोटें आईं. उन्होंने सीने में दर्द होने की बात भी कही. दीपके ने एक्स पर लिखा, "चाहे जंतर-मंतर हो या झारखंड, छात्रों के ख़िलाफ़ पुलिस की इस तरह की कार्रवाई क्रूर और अमानवीय है. सीजेपी देवेंद्र महतो और उनकी मांगों के समर्थन में मज़बूती से खड़ी है." दीपके ने महतो को ‘सच्चा हीरो’ बताते हुए कहा, "हम उनके साहस और हिम्मत को सलाम करते हैं." गौरतलब है कि सोमवार को प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं ने झारखंड की राजधानी रांची में विधानसभा तक मार्च निकाला था. इस दौरान पुलिस के लाठीचार्ज और वाटर कैनन के इस्तेमाल के वीडियो भी सामने आए थे. इमेज स्रोत, R. Satish BABU / AFP via Getty Images अफ़ग़ानिस्तान ने तीसरे वनडे में आयरलैंड को तीन विकेट से हरा दिया. इस जीत के साथ अफ़ग़ानिस्तान ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफ़ाई कर लिया है. दरअसल, बेलफ़ास्ट (आयरलैंड) में सोमवार को खेले गए मुकाबले में अफ़ग़ानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया. टीम ने आयरलैंड को 46.3 ओवर में 206 रन पर ऑलआउट कर दिया. जवाब में अफ़ग़ानिस्तान ने 44.5 ओवर में ही 7 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया. राशिद ख़ान ने अफ़ग़ानिस्तान की जीत में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने नाबाद 37 रन की पारी खेलने के साथ गेंदबाज़ी में भी 3 विकेट हासिल किए. अफ़ग़ानिस्तान वनडे रैंकिंग में फ़िलहाल आठवें नंबर पर है. आयरलैंड के ख़िलाफ़ यह टीम की लगातार दूसरी जीत है. इस जीत के साथ अफ़ग़ानिस्तान 30 सितंबर 2026 तक वनडे रैंकिंग में टॉप-8 में बना रहेगा. यही 2027 वनडे वर्ल्ड कप के सीधे क्वालिफ़िकेशन की कटऑफ़ डेट है. वहीं, अफ़ग़ानिस्तान के सीधे क्वालिफ़ाई करने के बाद वेस्टइंडीज़ का वर्ल्ड कप क्वालिफ़ायर खेलना तय हो गया है. वेस्टइंडीज़ को भारत के ख़िलाफ़ दो वनडे मैच खेलने हैं. हालांकि, दोनों मैच जीतने के बावजूद टीम वनडे रैंकिंग में टॉप-8 में नहीं पहुंच सकेगी. वेस्टइंडीज़ फ़िलहाल 10वें नंबर पर है. गौरतलब है कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने एलान किया था कि आईसीसी मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 में 14 टीमें हिस्सा लेंगी. इससे पहले 2023 के वर्ल्ड कप में 10 टीमों ने हिस्सा लिया था. केरल की एक अदालत ने सोमवार को दक्षिणपंथी राजनीतिक टिप्पणीकार टीजी मोहनदास को ज़मानत दे दी. उन्हें नीट पेपर लीक को लेकर हुए प्रदर्शन पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने गिरफ़्तार किया था. समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, एडिशनल चीफ़ जुडिशल फ़र्स्ट क्लास मजिस्ट्रेट मिथुन गोपी जीएस ने मोहनदास को ज़मानत दी. पुलिस ने उन्हें रविवार शाम कोच्चि स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया था. सोमवार सुबह उनकी गिरफ़्तारी दर्ज की गई. मोहनदास के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और केरल पुलिस अधिनियम की अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. अदालत में पेश किए जाने के बाद उनके वकील ने ज़मानत याचिका दाखिल की. मामले की जांच कर रही तिरुवनंतपुरम साइबर पुलिस ने अदालत को बताया कि जांच के दौरान कुछ और धाराएं भी जोड़ी गई हैं. इनमें महिला के सम्मान को ठेस पहुंचाने और गंभीर धमकी देने से जुड़ी धाराएं शामिल हैं. अभियोजन पक्ष ने आगे की जांच के लिए मोहनदास की पुलिस हिरासत की मांग की. साथ ही आशंका जताई कि प्रभावशाली व्यक्ति होने के कारण वह ज़मानत पर रिहा होने के बाद गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं और सबूतों से छेड़छाड़ कर सकते हैं. वहीं, बचाव पक्ष ने मोहनदास की उम्र और स्वास्थ्य संबंधी स्थिति का हवाला देते हुए ज़मानत की मांग की. उनके वकील ने अदालत से कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी अपराध ज़मानती हैं. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने मोहनदास को ज़मानत दे दी. अदालत ने उन्हें तीन दिनों तक जांच अधिकारी के सामने पेश होने का निर्देश दिया है. इसके अलावा, जब भी पुलिस को उनकी ज़रूरत हो, उन्हें जांच में उपस्थित होना होगा. अदालत ने ज़मानत पर रहने के दौरान इसी तरह का अपराध दोबारा नहीं करने का भी निर्देश दिया. इमेज स्रोत, Jim WATSON / AFP via Getty Images अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ हालिया सैन्य संघर्ष को लेकर मुआवज़े की मांग की है. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यदि ईरान युद्ध के दौरान हुए नुकसान के लिए मुआवज़े की मांग कर रहा है, तो अमेरिका भी ईरान से उन लोगों के लिए मुआवज़ा मांग सकता है, जो ईरान के हमलों में मारे गए या गंभीर रूप से घायल हुए. ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "मैं देख रहा हूं कि ईरान के प्रतिनिधि पिछले पांच महीने के सैन्य संघर्ष के दौरान हुए नुकसान के लिए मुआवज़े की मांग कर रहे हैं (यह संघर्ष इसलिए शुरू हुआ क्योंकि वे परमाणु हथियार नहीं छोड़ेंगे), जबकि हमारी किसी भी बातचीत या बैठक में इसका कभी ज़िक्र नहीं हुआ." उन्होंने लिखा, "लेकिन यह एक दिलचस्प विचार है, अब मैं भी ईरान से मुआवज़े की मांग कर रहा हूं. यह मुआवज़ा उन सभी लोगों के लिए होगा, जिन्हें उन्होंने मार दिया और गंभीर रूप से घायल किया. इन हमलों और संघर्षों के लिए ईरान जाना जाता है, जिनका नेतृत्व शुरुआत में जनरल सुलेमानी ने किया था. इसमें यूएसएस कोल पर मारे गए लोगों के परिवार और लड़ाई में मारे गए हज़ारों अन्य लोग भी शामिल हैं." ट्रंप ने लिखा "इसके अलावा, पिछले 50 वर्षों में ईरान ने जिन लाखों निर्दोष प्रदर्शनकारियों को मारा है, उनके परिवारों को भी मुआवज़ा दिया जाना चाहिए. इनमें पिछले पांच महीनों में मारे गए 52,000 लोग भी शामिल हैं. मैंने अपने प्रतिनिधियों को निर्देश दिया है कि वे भविष्य में होने वाली किसी भी बातचीत में इस मांग को मज़बूती से रखें." ग़ौरतलब है कि ईरान के प्रतिनिधि बातचीत में लगातार यह मुद्दा उठाते रहे हैं कि उनके देश को हुए नुकसान की भरपाई के लिए मुआवज़ा दिया जाए. इमेज स्रोत, Gabriel Aponte/Getty Images कोलंबिया में आए भीषण भूकंप ने भारी तबाही मचाई है. 7.4 तीव्रता के इस भूकंप में कम से कम 132 लोगों की मौत हो गई है, जबकि बड़ी संख्या में लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है. हालात को देखते हुए देश में आपातकाल घोषित कर दिया गया है. अधिकारियों ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है. कोलंबिया की भूवैज्ञानिक सेवा के मुताबिक़, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 7:34 बजे आया. भूकंप का केंद्र चोको प्रांत में ज़मीन से क़रीब 103 किलोमीटर की गहराई में था. इसके झटके पश्चिमी कोलंबिया के सैकड़ों किलोमीटर तक फैले बड़े इलाक़े में महसूस किए गए. भूकंप से सबसे ज़्यादा प्रभावित इलाक़ों में कॉफ़ी उत्पादन के लिए मशहूर पेरेइरा शहर और उसके आसपास का क्षेत्र शामिल है. वैले डेल काउका क्षेत्र में भी भूकंप से भारी नुकसान की ख़बर है. भूकंप के केंद्र से क़रीब 55 किलोमीटर दूर स्थित पेरेइरा शहर में भारी तबाही हुई है. स्थानीय प्रशासन के मुताबिक़, पेरेइरा शहर और आसपास के इलाक़ों में कम से कम 40 लोगों की मौत हुई है और 65 इमारतें ढह गई हैं. इनमें से 15 इमारतों में लोगों के फंसे होने की आशंका है. शहर के कुछ हिस्सों में स्थानीय समयानुसार मंगलवार सुबह 5 बजे तक कर्फ़्यू लगाया गया है. पेरेइरा से क़रीब 160 किलोमीटर दक्षिण में स्थित काली शहर में भी बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है. अधिकारियों के मुताबिक़, यहां 32 इमारतें ढह गई हैं. काली भूकंप के केंद्र से क़रीब 200 किलोमीटर दूर है. बचाव और राहत अभियान जारी है. प्रशासन ढही हुई इमारतों में फंसे लोगों को निकालने के लिए अभियान चला रहा है. अधिकारियों को आशंका है कि मलबे में और लोग फंसे हो सकते हैं, ऐसे में मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है. इमेज स्रोत, Gabriel Aponte/Getty Images इमेज स्रोत, Gabriel Aponte/Getty Images इमेज स्रोत, Gabriel Aponte/Getty Images इमेज स्रोत, Gabriel Aponte/Getty Images बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें. - इस लॉ यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट जस्टिस सूर्यकांत को क्यों नहीं बुलाना चाहते दीक्षांत समारोह में - झारखंड विधानसभा की बाउंड्री के बाहर पहुंचा प्रदर्शनकारियों का एक समूह, रांची में दिन भर क्या हुआ? - राजस्थान: बारिश में टपकता था घर तो खेत में दबाए पांच लाख रुपये, बाद में दीमक लगे मिले - गोरखा सैनिकों की भर्ती के मुद्दे पर भारत के नेपाल से 'बातचीत न करने' की वजह क्या है? - जिस बच्चे को छोड़ दिया गया उसने 65 साल बाद अपने परिवार को कैसे तलाशा

स्रोत: BBC Hindi