गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र में तरबगंज थाना क्षेत्र के तिवारी बाजार की रहने वाली एक महिला अपने 6 वर्षीय मासूम बच्चे को साथ लेकर रघुकुल विद्यापीठ परिसर में स्थित करीब 85 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। बताया जा रहा है कि यह परिसर पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का है। महिला करीब 50 फीट की ऊंचाई पर चढकर अपने बच्चे के साथ बैठ गई, जिससे पूरे परिसर और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
जैसे ही इसकी खबर प्रशासन को मिली उनके हाथ-पांव फूल गए। मौके पर भारी पुलिस बल के साथ सिटी मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, सीओ आनंद राय और नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी पहुंच गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा महिला से लगातार नीचे उतरने की अपील की जाने लगीं। जब महिला नीचे आने को तैयार नहीं हुई, तो सीओ सिटी आनंद राय ने सूझबूझ दिखाते हुए माइक से अपना मोबाइल नंबर बोला। टावर पर बैठी महिला ने उस नंबर पर फोन करके सीओ को अपनी आपबीती सुनाई।
