बालपुर गोंडा। बालपुर कस्बे में कई दिनों बाद विशेन गैस एजेंसी बेलसर की आई पिकप गाड़ी में भरे गैस सिलेंडर के वितरण को लेकर उपभोक्ताओं में आपाधापी मची रही। एक समय ऐसा देखकर लगा कि जैसे गैस सिलेंडर मुफ्त में बंट रहा हो। स्टाकिस्टों के स्टोरेज शुरू करने से गैस सिलेंडर की स्थानीय बाजारों में शार्टेज हो गई है। इससे गैस सिलेंडर की कालाबाजारी में तेजी आ गई है। 1500 से लेकर 2000 रुपए में कालाबाजारी करके गैस सिलेंडर बेंचा जा रहा है।
उपभोक्ताओं ने बताया कि बालपुर कस्बे की मां दुर्गा गैस एजेंसी साल भर पहले एकाएक बन्द कर दी गई। यहां के ज्यादातर उपभोक्ताओं को पूरेधिरजा गैस एजेंसी परसपुर से जोड़ दिया गया। कुछ प्रतिशत उपभोक्ताओं को श्री साईं सिद्धि गैस एजेंसी गोंडा में शामिल कर दिया गया। इसके अतिरिक्त कुछ प्रतिशत उपभोक्ता शुरुवाती दौर से विशेन गैस एजेंसी बेलसर से जुड़े हुए हैं। इस तरह से इस क्षेत्र के सैकड़ों गैस उपभोक्ता तीन गैस एजेंसियों का चक्कर काटने के लिए पेट्रोलियम कंपनियों की ओर से भगवान भरोसे छोड़ दिए गए हैं। सभी गैस एजेंसी बालपुर कस्बे से 12 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इस तरह से पेट्रोलियम कंपनियों के अधिकारियों की भारी लापरवाही का खामियाजा क्षेत्र के उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।
इसी बीच अमेरिका इजरायल एवं ईरान के बीच छिड़े युद्ध के चलते क्षेत्र में अफवाह फैल गई कि अब गैस सिलेंडर मिलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। उपभोक्ताओं ने बताया कि अभी किताब पर बुकिंग कराने के बाद 970 रुपए में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है। जबकि गैस की शार्टेज से इससे जुड़े अनेक व्यापारियों के काम प्रभावित होकर रह गए हैं। क्योंकि समय रहते किसी को गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। इससे क्षेत्र के गैस के उपभोक्ता अच्छे खासे हैरान एवं परेशान नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि मांग के अनुरूप गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है इसलिए उन्हें अनेक प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
घरेलू गैस सिलेंडर की इतनी ज्यादा शार्टेज इसलिए देखी जा रही है कि जितने छोटे बड़े होटल रेस्टोरेंट के कारोबारी हैं वे धड़ल्ले से इस घरेलू गैस सिलेंडर का प्रयोग कर रहे हैं। जबकि उनके लिए कमर्शियल गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करना ही सरकार की तरफ से आदेशित है। आपूर्ति विभाग की घोर लापरवाही एवं मिलीभगत से होटल कारोबारी धड़ल्ले घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके चलते घरेलू गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।
कई दिनों बाद आई पिकप से गैस सिलेंडर लेने को उपभोक्ताओं में मची आपाधापी