Regd. UDYAM-UP-31-0004031
प्रदेश के तेजी से उभरते हुए जनसंवाद समाचार न्यूज चैनल व न्यूज पोर्टल पर अपने व्यवसाय व शिक्षण संस्थान के तेजी से आगे बढ़ोत्तरी के लिए प्रचार प्रसार कराकर लाभ प्राप्त करने के लिए सम्पर्क करें। सम्पर्क सूत्र 9506980980

पूर्व माध्यमिक विद्यालय मोकलपुर ओपन ज़िम एवं टेबल टेनिस कोर्ट का सीडीओ ने किया उद्घाटन

  गोण्डा 24 दिसम्बर,2025*। जनपद के विकासखण्ड झंझरी की ग्राम पंचायत मोकलपुर में शैक्षिक एवं खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साकार हुई है। माह अप्रैल, 2025 में ग्राम पंचायत मोकलपुर में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित “ब्लॉक आपके द्वार” कार्यक्रम के दौरान पूर्व माध्यमिक विद्यालय मोकलपुर के छात्र-छात्राओं द्वारा विद्यालय परिसर में ओपेन जिम एवं टेबल टेनिस कोर्ट की स्थापना की मांग रखी गई थी। बच्चों की इस सार्थक एवं रचनात्मक मांग को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी द्वारा संबंधित खण्ड विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया था कि विद्यालय परिसर में आवश्यक खेल सुविधाओं का निर्माण समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में खण्ड विकास अधिकारी झंझरी द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए पूर्व माध्यमिक विद्यालय मोकलपुर के परिसर में ओपेन जिम एवं टेबल टेनिस कोर्ट की स्थापना का कार्य पूर्ण कराया गया। यह पहल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शारीरिक स्वास्थ्य तथा खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है। निर्मित ओपेन जिम एवं टेबल टेनिस कोर्ट का उद्घाटन 24 दिसंबर, 2025 को मुख्य विकास अधिकारी, गोण्डा श्रीमती अंकिता जैन द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने विद्यालय के छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि खेल एवं शारीरिक गतिविधियाँ बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इस प्रकार की सुविधाएँ ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं तथा उनमें आत्मविश्वास और अनुशासन का विकास करती हैं। मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने जिलाधिकारी द्वारा बच्चों की मांग पर त्वरित संज्ञान लेने तथा खण्ड विकास अधिकारी द्वारा समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण कराए जाने की सराहना की। उन्होंने विद्यालय प्रशासन एवं ग्राम पंचायत को निर्देशित किया कि इन सुविधाओं का नियमित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि छात्र-छात्राएं लम्बे समय तक इसका लाभ उठा सकें। इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी झंझरी, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।