Regd. UDYAM-UP-31-0004031
प्रदेश के तेजी से उभरते हुए जनसंवाद समाचार न्यूज चैनल व न्यूज पोर्टल पर अपने व्यवसाय व शिक्षण संस्थान के तेजी से आगे बढ़ोत्तरी के लिए प्रचार प्रसार कराकर लाभ प्राप्त करने के लिए सम्पर्क करें। सम्पर्क सूत्र 9506980980

डीएम ने निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष एवं व्यवस्थित बनाने के दिए निर्देश




गोण्डा 16 जुलाई,2026*।
जनपद में आगामी निर्वाचन की तैयारियों को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में मतदेय स्थलों के सम्भाजन (रैशनलाइजेशन) के संबंध में जनपद के माननीय जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदेय स्थलों के निर्धारण, पुनर्गठन एवं आवश्यक संशोधनों पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की सफलता के लिए मतदाताओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी कार्य पूरी पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जाएं।

*जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर गंभीरता से हुआ विचार*

बैठक के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों से मतदेय स्थलों के सम्भाजन से संबंधित सुझाव एवं आपत्तियां प्राप्त की गईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए प्रत्येक सुझाव का नियमानुसार परीक्षण किया जाए तथा जहां आवश्यक हो, निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी मतदाता को मतदान केंद्र तक पहुंचने में अनावश्यक कठिनाई न हो तथा सभी मतदेय स्थल सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक स्थानों पर निर्धारित किए जाएं।

*अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही के निर्देश*

जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदेय स्थलों के सम्भाजन से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रस्ताव का भौतिक सत्यापन किया जाए तथा अभिलेखों का अद्यतन कार्य पूरी सावधानी के साथ किया जाए। 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, उपजिलाधिकारी सदर गोण्डा, उपजिलाधिकारी करनैलगंज, उपजिलाधिकारी मनकापुर, उपजिलाधिकारी तरबगंज, उपजिलाधिकारी विशाल कुमार तथा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने स्तर पर की जा रही तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की।

*जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही सहभागिता*

बैठक में विधायक कटरा बाजार,विधायक तरबगंज, विधायक गोण्डा सदर, विधायक गौरा, सांसद कैसरगंज के प्रतिनिधि, विधायक मनकापुर के प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी एवं मतदाता हितैषी बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।