बालपुर गोंडा। बालपुर चौराहे समेत जिले के 16 चिन्हित स्थानों पर यातायात विभाग की ओर से सीसीटीवी कैमरा लगवाया गया है। इससे जिले वासियों को सुरक्षित यातायात व्यवस्था मुहैया कराने का प्रयास किया गया है।
दुःखहरन नाथ मन्दिर, झंझरी ब्लाक चौराहा, बेलसर, तरबगंज, दुर्जनपुर घाट, डुमरियाडीह, बालेश्वरगंज, कहोबा चौराहा,खोरहंसा, मनकापुर, मसकनवा, इटियाथोक, कटरा बाजार, करनैलगंज, हुजूरपुर मोड़ समेत जिले के 16 जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। अब इसका विद्युत कनेक्शन करवाया जा रहा है। वाईफाई कनेक्शन के बाद सभी सीसीटीवी कैमरे चालू कर दिए जाएंगे। शहर में दुःखहरन नाथ मंदिर एवं झंझरी ब्लाक चौराहा समेत दो स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे चालू किए जा चुके हैं। इन सभी सीसीटीवी कैमरों के जरिए यातायात विभाग जिले के यातायात की निगरानी एवं नियंत्रण करेगा।
इन सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों का चालान भी किया जा सकता है। इन सभी सीसीटीवी कैमरों का कंट्रोल सेंटर जिला मुख्यालय पर बनाया गया है। गृहमंत्रालय की ओर से इसका ठेका सविता सिक्योरिटी सिस्टम फर्म को दिया गया है। ठेकेदार मयंक श्रीवास्तव ने बताया कि इसके बारे में ज्यादा जानकारी यातायात विभाग के अधिकारी ही दे सकते हैं। सीओ यातायात विनय कुमार सिंह से इस बावत सम्पर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।