अयोध्या। जिले के पूराकलंदर थाना क्षेत्र में देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। रात्रि गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों की कार गिट्टी लदे ट्रेलर से जा टकराई। इस हादसे में एक दरोगा की दर्दनाक मौत हो गई और सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया।
रायबरेली मार्ग पर नऊवा कुआं के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ। इस हादसे में उपनिरीक्षक आकाश यादव और कांस्टेबल प्रदीप कुमार गंभीर घायल हो गए। दोनों घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने 28 वर्षीय दरोगा आकाश यादव को मृत घोषित कर दिया। उपनिरीक्षक आकाश यादव जौनपुर जिले के रहने वाले थे। 27 वर्षीय कांस्टेबल प्रदीप कुमार की हालत नाजुक बताई जा रही है और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिसकर्मियों की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दिया है।