करनैलगंज कटरा घाट पर सरयू नदी में नहाने गए वृद्ध संदिग्धावस्था में लापता हड़कंप
करनैलगंज गोंडा। कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र में सोमवार सुबह सरयू नदी में नहाने गए एक बुजुर्ग संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। तट पर उनकी साइकिल, कपड़े और चप्पल मिलने से नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही है। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
सूचना के मुताबिक 60 वर्षीय राजकुमार गोस्वामी पुत्र दयाराम निवासी मौहर गोसाईं पुरवा रोजाना करीब 15 किमी दूर से सरयू नदी में स्नान करने कटरा घाट आते थे। सोमवार सुबह भी वे भोर में घर से निकले थे। कुछ घंटे बाद स्थानीय लोगों ने कटरा घाट स्थित सरयू तट पर एक साइकिल, कपड़े और चप्पल लावारिश हालत में पड़े देखे। आसपास बुजुर्ग नहीं मिले तो परिजनों को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पीड़ित परिवार ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना देकर राजकुमार गोस्वामी की तलाश कराने की मांग की है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना किया। नदी में डूबने की आशंका के चलते एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया है। टीम सरयू नदी में बुजुर्ग की तलाश में जुटी है। उनके लापता होने से पूरे गांव में हड़कंप मचा है। खबर लिखे जाने तक बुजुर्ग का पता नहीं चल सका है।
पुलिस का कहना है कि हर बिंदु पर जांच की जा रही है। नदी में तलाश जारी है।
#Gonda #Karnalganj #SaryuNadi #KatraGhat #Missing #SadNews #SDRF #UttarPradesh